शहर

मैनपुरी में सपा नेता के रिसॉर्ट पर बुलडोजर एक्शन, तालाब की जमीन पर बने होने के कारण हुआ ध्वस्त

मैनपुरी जिला प्रशासन ने सपा नेता और करहल नगर पंचायत के चेयरमैन अब्दुल नईम के अवैध रिसॉर्ट को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान जिले के तमाम बड़े अफसर व पुलिस और पीएसी बल मौजूद रही। बताया जा रहा है कि तालाब की जमीन पर यह रिसॉर्ट बना हुआ था।

Image

मैनपुरी में बुलडोजर एक्शन (सांकेतिक फोटो)

KEY HIGHLIGHTS
  • सपा नेता अब्दुल नईम का रिसॉर्ट बुलडोजर से ध्वस्त
  • अवैध रूप से बना था रिजॉर्ट
  • ध्वस्तीकरण के समय भारी पुलिस और पीएसी बल तैनात

Bulldozer Action in Mainpuri: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के करीबी सपा नेता और करहल नगर पंचायत के चेयरमैन अब्दुल नईम के अवैध रिसॉर्ट को मैनपुरी जिला प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि रिसॉर्ट सरकारी तालाब की जमीन पर बना था। जिसका ध्वस्तीकरण रविवार को जिले के तमाम बड़े अफसरों व पुलिस और पीएसी बल की मौजूदगी में किया गया। भारी पुलिस और पीएसी बल के तैनात होने की वजह से आसपास के इलाके में सन्नाटा पसरा रहा।

अब्दुल नईम की पत्नी के नाम पर था रिसॉर्ट

करहल कस्बे के मोहल्ला ईदगाह कॉलोनी में चेयरमैन अब्दुल नईम का एक आलीशान रिसॉर्ट तालाब की जमीन पर बना था। बीते साल करहल के पूर्व चेयरमैन संजीव यादव ने सीएम योगी से मिलकर इसकी शिकायत की थी। सीएम योगी ने जिलाधिकारी मैनपुरी को मामले की जांच करने के आदेश दिए थे। डीएम करहल ने तुरंत इस मामले की जांच के लिए टीम का गठन कर दिया। जांच में रिसॉर्ट चेयनमैन अब्दुल नईम की पत्नी के नाम पर होने की बात सामने आई, जिसकी सुनवाई तहसीलदार करहल की कोर्ट में हुई। तहसीलदार कोर्ट में सुनवाई पर तथ्य सही पाए गए। 2 सितंबर 2023 को तहसीलदार ने कोर्ट में रिसॉर्ट को अवैध मानते हुए इसे ध्वस्त करने का आदेश जारी कर दिया।

करीब आधा दर्जन बुलडोजर ने ढहाया रिसॉर्ट

इस आदेश के खिलाफ चेयरमैन नईम की पत्नी फरजाना बेगम ने जिलाधिकारी से उनका पक्ष नहीं सुने जाने की बात कहकर शिकायत की। जिलाधिकारी ने जांच में वादी की शिकायत को गलत बताते हुए तहसीलदार के रिसॉर्ट ध्वस्तीकरण के आदेश को बरकरार रखा। इसके बाद ध्वस्तीकरण में देरी के चलते पूर्व चेयरमैन ने सीएम योगी से फिर मुलाकात कर पूरे मामले में जल्दी कार्यवाई करने की मांग की। उनकी इस मांग पर सीएम योगी ने डीएम मैनपुरी को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएम के आदेश के बाद जिले के अधिकारियों में हलचल बढ़ गई। इसके बाद रविवार को करहल एसडीएम नीरज द्विवेदी, सीओ संतोष कुमार और कई थानों व पीएसी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। करीब आधा दर्जन बुलडोजर का प्रयोग करते हुए रिसॉर्ट ढहा दिया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article