शहर

'कोई मेरे जैसा दिखे', कैंसर पीड़ित बच्ची की मासूम चाहत पर म्युनिसिपल कमिश्नर सविता प्रधान ने मुंडवा लिया सिर

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से इंसानियत और संवेदनशीलता की दिल छू लेने वाली मिसाल सामने आई है। कैंसर से जूझ रही एक बच्ची को अकेलापन महसूस न हो, इसके लिए नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने अपना सिर मुंडवा लिया। बच्ची की भावनाओं को समझते हुए उठाए गए इस कदम की अब सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।

Image

इंसानियत की मिसाल बनीं सविता प्रधान (फोटो- Instagram/Savita Pradhan)

Savita Pradhan: मध्य प्रदेश के सिंगरौली से मानवीय संवेदना और करुणा की एक प्रेरक तस्वीर सामने आई है। सिंगरौली नगर निगम की आयुक्त (म्युनिसिपल कमिश्नर) सविता प्रधान ने कैंसर का इलाज करा रही एक बच्ची के प्रति एकजुटता जताने के लिए अपना सिर मुंडवा लिया। उनका यह कदम अब सोशल मीडिया पर चर्चा और प्रशंसा का विषय बना हुआ है। सविता प्रधान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मुंडे हुए सिर की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि कैंसर के इलाज के दौरान बच्ची के बाल झड़ गए थे। इस मुश्किल दौर में बच्ची ने इच्छा जताई थी कि कोई ऐसा व्यक्ति उसके साथ हो, जो उसके जैसा दिखाई दे, ताकि उसे अपने संघर्ष में अकेलापन महसूस न हो।

परिवार की प्राइवेसी और बच्ची की गरिमा सबसे अहम

बच्ची की इस भावनात्मक इच्छा के बारे में जानने के बाद नगर निगम आयुक्त ने बिना किसी संकोच के अपना सिर मुंडवाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि बच्ची की भावनाओं को समझना और उसके साथ खड़े होना उनके लिए किसी औपचारिक जिम्मेदारी से बढ़कर मानवीय कर्तव्य था। मीडिया से बातचीत में सविता प्रधान ने बच्ची की पहचान सार्वजनिक करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार की प्राइवेसी और बच्ची की गरिमा उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिर मुंडवाने का फैसला किसी प्रचार या प्रसिद्धि के लक्ष्य से नहीं लिया गया था।

सोशल मीडिया पर जमकर हो रही सराहना

सविता प्रधान के मुताबिक, उन्होंने तस्वीरें सोशल मीडिया पर इसलिए साझा कीं ताकि लोगों के बीच उनके सिर मुंडवाने को लेकर किसी तरह की गलतफहमी या अटकलें न लगें। सविता प्रधान के इस संवेदनशील कदम की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। लोग इसे प्रशासनिक पद पर रहते हुए मानवीय संवेदनशीलता दिखाने की मिसाल बता रहे हैं। उनके इस प्रयास ने यह संदेश भी दिया है कि किसी बड़ी बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति के लिए छोटी-सी भावनात्मक पहल भी उसके हौसले को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।

बता दें कि सविता प्रधान मध्य प्रदेश प्रशासनिक सेवा (MPPSC) की एक वरिष्ठ अधिकारी हैं, जो वर्तमान में सिंगरौली में नगर निगम आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं। वह अत्यधिक गरीबी, बाल विवाह और घरेलू हिंसा के कठिन दौर से निकलकर प्रशासनिक सेवा में सफल होने और महिलाओं के लिए प्रेरणा बनने जानी जाती हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article