शहर

बिहार के इस जिले में खत्म हो गया पेट्रोल-डीजल! पेट्रोल पंप लटके ताले; लोगों में बढ़ी चिंता

मुंगेर शहर के कई पेट्रोल पंप मंगलवार सुबह से बंद मिले। हालांकि भारत पेट्रोलियम कंपनी के एतवारी पेट्रोल पंप पर तेल की बिक्री जारी रही, लेकिन वहां भी भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तेल खत्म होने की खबर आग की तरह फैलते ही लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल भरवाने पहुंचने लगे।

Image

बिहार में पेट्रोल-डीजल की किल्लत।

बिहार के मुंगेर में मंगलवार को पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरों के बाद कई पेट्रोल पंपों पर ताले लटक गए, जिससे वाहन चालकों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में तेल खत्म होने की खबर फैलते ही पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

दरअसल, खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव और ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष को लेकर लोगों में पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। इसी डर के चलते लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल खरीदने लगे हैं, जिससे कई पंपों पर अचानक स्टॉक खत्म हो गया।

मुंगेर शहर के कई पेट्रोल पंप मंगलवार सुबह से बंद मिले। हालांकि भारत पेट्रोलियम कंपनी के एतवारी पेट्रोल पंप पर तेल की बिक्री जारी रही, लेकिन वहां भी भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तेल खत्म होने की खबर आग की तरह फैलते ही लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल भरवाने पहुंचने लगे।

पंप कर्मी फिरोज आलम ने बताया कि कंपनी से समय पर तेल की सप्लाई नहीं पहुंचने के कारण शहर के तीन पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पंप पर भी अचानक ग्राहकों की संख्या काफी बढ़ गई है और मौजूदा स्टॉक केवल शाम तक ही चल पाएगा। इसके बाद तेल खत्म होने पर पंप बंद करना पड़ सकता है।

वहीं, एतवारी पेट्रोल पंप के मैनेजर शत्रुघ्न सिंह ने कहा कि फिलहाल तेल की कोई बड़ी किल्लत नहीं है, लेकिन अफवाह और जरूरत से ज्यादा खरीदारी के कारण स्थिति बिगड़ रही है। उन्होंने बताया कि जो लोग पहले 100-200 रुपये का तेल लेते थे, वे अब 500 से 1000 रुपये तक का पेट्रोल भरवा रहे हैं। इसी वजह से मांग अचानक बढ़ गई और कई पंपों पर दबाव बन गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है और जितनी जरूरत हो उतना ही तेल खरीदें, ताकि सभी लोगों को पेट्रोल-डीजल आसानी से मिल सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article