Telangana Bus Accident: तेलंगाना के खम्मम जिले के वायरा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक TGSRTC बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
40 यात्री सवार थे बस में सवार
घटना के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिससे टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
हैदराबाद हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत
वहीं, इससे पहले 23 मार्च को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आउटर रिंग रोड (ORR) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। जानकारी के मुताबिक, शमशाबाद एयरपोर्ट से गच्चीबोवली की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अचानक आगे चल रहे एक DCM ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके हिस्से चारों ओर बिखर गए। इस हादसे में कार में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायलों की हालत नाजुक बताई गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुर्घटना नरसिंगी थाना क्षेत्र में टीएसपीए के पास हुई थी। हादसे के बाद आउटर रिंग रोड की दो लेन पूरी तरह बंद हो गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही नरसिंगी पुलिस और ORR का स्टाफ मौके पर पहुंचा और हालात को संभालने में जुट गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई, ताकि रास्ता जल्द से जल्द साफ कर यातायात बहाल किया जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना। ऐसे में, नरसिंगी पुलिस के द्वारा मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई थी।
