शहर

Moradabad News: SDO साहब ने बनाया मीटर रीडर को 'मुर्गा', सरेआम सजा देने से गरमाया माहौल, बिजली विभाग में मचा हड़कंप

मुरादाबाद में बिजली विभाग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसने पूरे मामले को विवादों में ला दिया है। इसको लेकर अब अधिकारियों के बयान और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। ऐसे में आइए जानें पूरा मामला क्या है?

Image

मुरादाबाद के बिजली विभाग में हंगामा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बिजली विभाग के एक एसडीओ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें वह एक मीटर रीडर को सार्वजनिक रूप से अपने कथित लोगों के सामने सजा देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जहां मामला चर्चा में आ गया, वहीं बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने एसडीओ को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी दौरान मीटर रीडर रानू पर ही उल्टा आरोप लगाते हुए कहा गया कि उसने उपभोक्ताओं के पैसे का गबन किया है।

तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

दरअसल यह पूरा मामला मुरादाबाद के मुण्डा पांडे थाना क्षेत्र स्थित दलपतपुर बिजली घर से जुड़ा हुआ है। आज दोपहर के बाद यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसमें एक व्यक्ति को बिजली घर के गेट पर 'मुर्गा' बनाकर खड़ा किया गया देखा जा सकता है। आसपास कुछ लोग भी मौके पर मौजूद नजर आ रहे हैं।

सजा देने के इरादे से की कार्रवाई

आरोप है कि दलपतपुर बिजली घर के एसडीओ आरएन राठौर ने मीटर रीडर रानू को सजा देने के इरादे से यह कार्रवाई की थी। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही मामला तूल पकड़ने लगा, जिसके बाद बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अपने एसडीओ को बचाने की कोशिश में जुट गए।

अवैध रूप से पैसे वसूलने का आरोप

बिजली विभाग ग्रामीण के एससी गुलशन गोयल से जब इस मामले में बातचीत की गई, तो उन्होंने एसडीओ का बचाव करते हुए कहा कि उनका फोन बंद है और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि मीटर रीडर पर आरोप है कि वह उपभोक्ताओं से अवैध रूप से पैसे वसूलने में शामिल था। इसी कारण कुछ लोग उसे पकड़कर बिजली घर ले आए थे। माना जा रहा है कि भीड़ द्वारा संभावित मारपीट से बचाने के लिए एसडीओ ने यह कदम उठाया होगा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article