Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को चोरी की कार लेकर फरार हो रहे आरोपी की पुलिस और एसओजी टीम के साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े जाने के बाद कार लिफ्टर पुलिस के सामने गिड़गिड़ने लगा और हाथ जोड़कर बोला- 'भीख मांगकर गुजारा कर लूंगा, लेकिन कभी चोरी नहीं करुंगा।'
वाहनों की चेकिंग के दौरान मुठभेड़
मंगलवार को चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में कैथल जाने वाले मार्ग पर पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन कार सवार पुलिस को देखकर घबरा गया और गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया, आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
आरोपी ने कहा- यूपी पुलिस का ट्रीटमेंट अच्छा
आरोपी कार लिफ्टर की पहचान आकाश बाबू के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि वह लग्जरी कार और ऑटो की चोरी करता था। उसने बीते 7-8 महीनों में मुरादाबाद, संभल, बदायूं समेत यूपी के कई जिलों से गाड़ियों की चोरी की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बदमाश से जब पूछताछ की, तो उसने हाथ जोड़ते हुए कहा, “भीख मांग लूंगा, लेकिन अब गाड़ी चोरी नहीं करूंगा।” बदमाश ने यह भी कहा कि यूपी पुलिस का “ट्रीटमेंट” बहुत अच्छा है। इसे देखकर अब जिंदगी में कभी संभल नहीं आउंगा।
20 गाड़ियों की चाबी बरामद
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी मारुति कारों का लॉक तोड़ने में मास्टर है। उसके पास से चोरी की एक कार बरामद की गई है, जिसके अंदर से करीब 20 अलग-अलग गाड़ियों की चाबियां भी बरामज हुई हैं। पूछताछ में आरोपी ने बदायूं, संभल और अमरोहा जिलों से कई गाड़ियां चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
