शहर

Sambhal: बुलडोजर चलने से पहले मुस्लिम समुदाय ने खुद हटाया अवैध मस्जिद-मदरसा, जरूरतमंदों को भूमि आवंटित

संभल जिले में सरकारी भूमि पर बने अवैध मस्जिद-मदरसे को मुस्लिम समुदाय ने स्वयं हटाकर जमीन प्रशासन को सौंप दी। मलबा हटने के बाद जिला प्रशासन ने यह भूमि 20 जरूरतमंद परिवारों को पट्टे पर आवंटित कर दी। अब इसी जगह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के लिए घर बनाए जाएंगे।

Image

संभल में अवैध मस्जिद-मदरसा हटाया गया (प्रतीकात्मक फोटो)

Sambhal Illegal Mosque Madrasa Demolition: संभल जिले में सरकारी जमीन पर बने अवैध मस्जिद-मदरसे को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुद ही गिरा दिया। इसके बाद प्रशासन ने वहां से मलबा हटवाया और उस भूमि के पट्टे 20 जरूरतमंद परिवारों के नाम कर दिए। अधिकारियों के अनुसार, असमोली थाने के अंतर्गत सलेमपुर सालार उर्फ हाजीपुर गांव में गाटा संख्या 537 की लगभग 1,339 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर करीब 20–25 साल पहले कब्जा कर मस्जिद और मदरसा बनाया गया था। जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि मामले के समाधान के बाद जमीन अब वैध रूप से लाभार्थियों को आवंटित कर दी गई है।

जरूरतमंदों को दी गई जमीन

जिलाधिकारी ने बताया कि ‘मदीना मस्जिद’ के रूप में बने इस ढांचे को ढहाकर जमीन पूरी तरह खाली करा ली गई। अब इस भूमि को 20 गरीब लाभार्थियों को आवंटित किया गया है। उनके अनुसार, मस्जिद और मदरसा अवैध रूप से बने थे और इन्हें मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुद ही हटा दिया। इसके बाद प्रशासन ने मलबा साफ करवाया और नियम के अनुसार यह जमीन 20 जरूरतमंद व्यक्तियों को पट्टे पर दे दी।

चार महीने पहले नोटिस हुआ था जारी

इस खाली कराई गई भूमि पर अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब लाभार्थियों के घर बनाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के मुताबिक, मस्जिद और मदरसे को हटाने के लिए संबंधित लोगों को चार महीने पहले नोटिस जारी किया गया था, जिसकी समय सीमा पूरी हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को ही संबंधित पक्षों ने निर्माण को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। मलबा साफ करते समय सुरक्षा के मद्देनजर छह थाना क्षेत्रों की पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबलरी की दो टुकड़ियां मौके पर तैनात रहीं।

(इनपुट- भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article