शहर

Samastipur News: नए साल से पहले तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, ट्रक से एक करोड़ की शराब जब्त

नए साल के जश्न से पहले बिहार में शराब तस्करों के मंसूबों को बड़ा झटका लगा है। समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग ने सतर्कता दिखाते हुए करीब एक करोड़ रुपये की विदेशी शराब जब्त की है। 12 चक्का ट्रक में छिपाकर लाई जा रही लगभग 9 हजार लीटर शराब को 31 दिसंबर की पार्टियों में खपाने की तैयारी थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से यह खेप बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई।

Image

बरामद हुई शराब की खेप

Photo : Times Now Digital

Bihar News: बिहार में नए साल के जश्न से पहले शराब तस्करों की एक और कोशिश नाकाम कर दी गई है। समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की विदेशी शराब जब्त की है। तस्करों की योजना इस भारी खेप को 31 दिसंबर की पार्टियों में खपाने की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

12 चक्का ट्रक से बरामद हुई 9 हजार लीटर शराब

यह कार्रवाई मुसरीघरारी के लाटबसेपुरा इलाके में एनएच-28 के किनारे की गई, जहां एक 12 चक्का ट्रक को शक के आधार पर रोका गया। जब पुलिस ने ट्रक पर लगे तिरपाल को हटाया, तो अंदर का नजारा देख अधिकारी भी हैरान रह गए। ट्रक के भीतर बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई 1015 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 9 हजार लीटर आंकी गई है। बाजार में इसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

‘थर्टी फर्स्ट’ पार्टियों के लिए किया जा रहा था स्टॉक

जांच में सामने आया है कि यह शराब नए साल के जश्न के लिए पहले से स्टॉक की जा रही थी। जैसे-जैसे साल का आखिरी दिन नजदीक आता है, वैसे-वैसे शराब तस्कर बिहार में सक्रिय हो जाते हैं। हालांकि, मुसरीघरारी में हुई इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मामले में ट्रक चालक नवाव खान को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसे सिर्फ लोकेशन ट्रैक करने और दिए गए निर्देशों का पालन करने को कहा गया था। चालक के पास से बरामद मोबाइल फोन में मौजूद संदिग्ध नंबरों और ‘सीक्रेट कोड्स’ की जांच की जा रही है, जिससे पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

झारखंड तक फैला है तस्करी का सिंडिकेट

सूत्रों के अनुसार, यह शराब झारखंड से लोड की गई थी। इस मामले में बिहार पुलिस झारखंड पुलिस के संपर्क में है और उस सप्लाई पॉइंट पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है, जहां से शराब की खेप रवाना हुई थी। एनएच किनारे ढाबों को सेफ हाउस की तरह इस्तेमाल करने वाले गिरोहों पर भी नजर रखी जा रही है। शराब तस्करी के इस इंटर-स्टेट नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस का फोकस अब केवल तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस पूरे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर है।

क्या बोले उत्पाद अधीक्षक

इस कार्रवाई को लेकर उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नए साल को देखते हुए विभाग पूरी तरह अलर्ट है। उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। बरामद शराब की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है और इसके मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि गैर-कानूनी जश्न मनाने वालों के लिए जेल ही ठिकाना होगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!