MP Sagar Hooch Tragedy: मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार तड़के एक और आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवांजय राजपूत पर 30 हजार रुपये का इनाम था। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तारी
सागर पुलिस नियंत्रण कक्ष के प्रभारी उप निरीक्षक आरकेएस चौहान ने फोन पर ’पीटीआई-भाषा’ ने बताया कि आरोपी राजपूत (21) ने बहरोल पुलिस थाने के अंतर्गत कठुआ नाला वन क्षेत्र के पास तलाशी अभियान के दौरान पुलिस दल पर कथित तौर पर तीन गोलियां चलाईं। जिसके बाद कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं और उसके पैर में गोली लगी। चौहान ने कहा कि इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत ठीक है।
पुलिस ने बताया कि सागर के बंडा पुलिस थाने के अंतर्गत छपरी गांव के रहने वाले राजपूत की गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली सूचना देने पर 30,000 रुपये का इनाम था। वह जहरीली शराब की घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक देसी .315 बोर की पिस्तौल, तीन कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जंगल में घेराबंदी के बाद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को रविवार तड़के सूचना मिली थी कि राजपूत कठुआ नाला के पास जंगल में है और छपरी स्थित अपने घर जाने के लिए धमोनी-बहरोल मार्ग से गुजर सकता है। उन्होंने बताया कि बांदरी और बहरोल थानों से पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और तलाश अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार राजपूत ने पुलिस टीम को देखते ही कथित तौर पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद जवाबी गोलीबारी की गई। आरोपी के खिलाफ कथित तौर पर तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले शराब तस्करी में शामिल था।
पुलिस ने अब तक 19 आरोपी पकड़े
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में 30 आरोपी हैं, अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 19 हो गई है। ताजा मुठभेड़ सागर जहरीली शराब मामले के मुख्य आरोपियों में से एक रवि लखेड़ा की गिरफ्तारी के दो दिन बाद हुई है। पुलिस का कहना है कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर का एक संदिग्ध गिरोह नकली शराब के निर्माण और आपूर्ति से जुड़ा था।
(इनपुट - भाषा)
