शहर

दिल्ली के लाखों बुजुर्गों को बड़ी राहत, रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन जल्द होगी जारी

दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों के लिए राहत की खबर है, जिनकी वृद्धावस्था पेंशन पिछले कुछ समय से रुकी हुई थी। तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से लंबित भुगतान अब जल्द ही जारी किए जाएंगे। सरकार के निर्देशों के बाद इस सप्ताह से पात्र लाभार्थियों को उनकी बकाया पेंशन मिलने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

Image

दिल्ली में बुजुर्गों को जल्द मिलेगी लंबित पेंशन

Delhi News: दिल्ली में वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिलने वाली है। पिछले कुछ महीनों से तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों के कारण जिन लाभार्थियों की पेंशन रुकी हुई थी, उसका भुगतान अब जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन और समाज कल्याण मंत्री के विशेष प्रयासों से समाज कल्याण विभाग को वित्त विभाग से आवश्यक मंजूरी प्राप्त हो गई है। इसके चलते इसी सप्ताह लंबित पेंशन राशि जारी कर दी जाएगी।

सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उनकी पूरी बकाया पेंशन एक साथ प्रदान की जाएगी। दिल्ली में वर्तमान में 4 लाख 35 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिक वृद्धावस्था पेंशन योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। इनमें से कुछ लाभार्थियों के भुगतान में अस्थायी रूप से बाधा आई है, जबकि बाकी सभी को नियमित रूप से समय पर पेंशन मिलती रही है। इस मामले में मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह द्वारा विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और संबंधित सभी औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।

पेंशन वितरण व्यवस्था ज्यादा पारदर्शी बनाने के निर्देश

इसी हफ्ते से जिन लाभार्थियों की पेंशन शेष है, उन्हें भुगतान किया जाना शुरू हो जाएगा और सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों के बैंक खातों में बकाया राशि जमा कर दी जाएगी। मंत्री ने पेंशन वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने के निर्देश भी दिए हैं। समाज कल्याण विभाग के लिए बुजुर्गों की सामाजिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। दिल्ली सरकार वरिष्ठ नागरिकों को गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करने के लक्ष्य से पेंशन योजना के साथ-साथ बेहतर गुणवत्ता के सहायक उपकरण उपलब्ध करा रही है और नए वृद्धाश्रमों की स्थापना की दिशा में भी निरंतर प्रयास कर रही है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article