शहर

बुरे फंसे सिंगर बादशाह, 'टटिहरी’ की लाइनें-दृश्य आपत्तिजनक; आयोग ने जारी किया नोटिस

बॉलीवुड रैपर और सिंगर बादशाह के हरियाणवी गाने ‘टटिहरी’ में आपत्तिजनक लाइनों के इस्तेमाल पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में हरियाणा स्टेट कमीशन फॉर विमेन ने सिंगर को नोटिस जारी करते हुए 13 मार्च को आयोग के समक्ष पेश होने और मामले में सफाई देने की बात कही है।

Image

'टटिहरी’ के गाने को लेकर फंसे सिंगर बादशाह (फोटो-ट्विटर)

हरियाणा में बॉलीवुड रैपर और सिंगर बादशाह के हरियाणवी फोक सॉन्ग ‘टटिहरी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में हरियाणा स्टेट कमीशन फॉर विमेन (Haryana State Commission for Women) ने सिंगर को नोटिस जारी करते हुए 13 मार्च को आयोग के समक्ष पेश होने के लिए कहा है। जानकारी के अनुसार, महिला आयोग ने यह कार्रवाई गाने में कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों और दृश्य दिखाए जाने की शिकायत मिलने के बाद की है। आयोग की ओर से जारी समन में रैपर बादशाह से इस मामले में अपना पक्ष रखने को कहा गया है।

गाने की लाइनें आपत्तिजनक

यह शिकायत पानीपत की सामाजिक संस्था ‘नारी तू नारायणी उत्थान समिति’ की अध्यक्ष सविता आर्य और ‘शिव आरती इंडिया फाउंडेशन’ के प्रमुख शिव कुमार की ओर से दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ‘टटिहरी’ गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द हरियाणवी संस्कृति और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गाने की एक लाइन 'आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने' आपत्तिजनक है और महिलाओं को लेकर गलत संदेश देती है। डिजिटल युग में बच्चे इन कलाकारों को अपना आदर्श मानते हैं, ऐसे में यह सामग्री उन्हें पढ़ाई के प्रति उदासीन बना सकती है। लिहाजा बादशाह को इस पर अपनी सफाई देनी होगी कि उन्होंने इन आपत्तिजनक लाइनों का इस्तेमाल क्यों किया?

नाबालिग बच्चियों के अनुचित दृश्य

शिकायत में यह भी कहा गया है कि गाने के वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी हुई नाबालिग बच्चियों को हरियाणा रोडवेज की बस पर चढ़कर स्कूल बैग के साथ नाचते और बैग फेंकते हुए दिखाया गया है, जो अनुचित और गलत है। इस मामले को लेकर रोहतक के एडवोकेट राज नारायण पंघाल ने भी राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को शिकायत भेजी है। इसके अलावा सहारण खाप ने भी गाने को लेकर आपत्ति जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। खाप का कहना है कि इस तरह के गीत समाज और युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं। फिलहाल इस पूरे विवाद पर सिंगर बादशाह या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस मामले को लेकर सिंगर बादशाह की मुश्किलें बढ़ती हुई नज़र आ रही हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article