राँची

रांची में टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप वैन; भीषण हादसे 4 की मौत, 20 अन्य गंभीर रूप से घायल

झारखंड के रांची जिले में बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। हादसा बुंडू थाना क्षेत्र के गोसाईंडीह में उस समय हुआ जब एक यात्री वाहन का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया।

Image

रांची में दर्दनाक सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ranchi Tyre Burst Accident: झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुंडू थाना क्षेत्र के गोसाईडीह गांव के पास रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुई जब ग्रामीणों से भरी एक पिकअप वैन पलट गई। सभी लोग आदिवासी संगठनों द्वारा आयोजित “जन आक्रोश रैली” में भाग लेने जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, चलते समय पिकअप का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में पलट गया। वैन में बैठे कई लोग नीचे दब गए, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान ब्रजकिशोर मुंडा (35), रासबिहारी मुंडा (45), डोमन सिंह मुंडा (48) और जगरनाथ सिंह मुंडा (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, सभी मृतक बुंडू थाना क्षेत्र के सिगिद और ऊपर बालालौंग गांव के रहने वाले थे।

घटना की सूचना मिलते ही बुंडू थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से बुंडू अनुमंडल अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। इसी के साथ. घटनास्थल पर बुंडू एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा, बीडीओ सावित्री कुमारी और अंचलाधिकारी हंस हेंब्रोम भी पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।

ऐसे में, स्थानीय विधायक विकास कुमार मुंडा ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि मृतकों के परिवारों को सरकारी मुआवजा दिया जाएगा और घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, आदिवासी समाज ने संवेदना व्यक्त करते हुए बुंडू के ताऊ मैदान में प्रस्तावित जन आक्रोश रैली को स्थगित कर दिया है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!