Jharkhand Gangrape Case: झारखंड के गुमला जिले में भरनो थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को अदालत ने इन तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुमला एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर जिन तीन युवकों को पकड़ा, उनमें विश्वास उरांव (19 वर्ष), बीरबल उरांव (21 वर्ष) और प्रकाश उरांव (19 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपियों की मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें गुमला जेल भेज दिया गया।
इस तरह बनाया दरिंदों ने शिकार
शुक्रवार की देर शाम गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र की दो नाबालिग बहनें एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौट रही थीं। रास्ते में एक युवक ने स्कूटी पर उन्हें लिफ्ट दी, लेकिन उन्हें घर छोड़ने के बजाय एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां पहले से मौजूद 5-6 अन्य युवक भी आ गए और सभी ने मिलकर दोनों बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िताएं किसी तरह देर रात घर पहुंचीं और अगले दिन उनके परिजनों ने भरनो थाना में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच महिला पुलिस द्वारा जारी
गुमला जिले में एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी निगरानी, मोबाइल ट्रैकिंग और स्थानीय सूत्रों की सहायता से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पीड़ित बहनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच महिला पुलिस अधिकारियों की देखरेख में की जा रही है, ताकि उनकी सुरक्षा और मानसिक स्थिति का पूरा ध्यान रखा जा सके। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सभी आवश्यक कानूनी सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। साथ ही, जिला बाल संरक्षण इकाई और महिला हेल्पलाइन की टीमें लगातार पीड़िताओं और उनके परिवार के संपर्क में बनी हुई हैं।
(इनपुट - आईएएनएस)
