Jharkhand Aaj Ka Mausam: झारखंड में आज (मंगलवार) ठंड के बढ़ते प्रभाव को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, पिछले दिन ठंड से थोड़ी राहत मिली थी। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक, आज आसमान में आंशिक बादल छाए रहने के कारण राज्य के न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई। झारखंड के 24 जिलों में से अधिकांश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। पिछले 24 घंटे में हजारीबाग जिले में सबसे कम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य का अधिकतम तापमान 29.8℃ चाईबासा में रहा।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
राज्य में कई दिनों से जारी कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 7 से 12 जनवरी तक के मौसम पूर्वानुमान में कहा है कि मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहेगा। 7 जनवरी को राज्य के 15 उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किए गए जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां शामिल हैं। मौसम विभाग ने बताया कि इन जिलों में घने कोहरे का असर दिखेगा।
कैसा रहेगा आज का मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 07 जनवरी की सुबह हल्के से मध्यम कोहरे और धुंध की स्थिति देखने को मिल सकती है। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान साफ होने की उम्मीद है। हालांकि, कुछ इलाकों में घना कोहरा बने रहने की संभावना है। 08 से 12 जनवरी तक सुबह के समय कोहरे और धुंध के बाद दिन में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 07 जनवरी को रांची और उसके आसपास के क्षेत्रों में तापमान 09 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
