राँची

झारखंड में बारिश बनी आफत... कहीं गिरा मकान-कहीं बहा पुल, रांची से पालमू तक जनजीवन बेहाल

झारखंड में झमाझम बारिश लोगों पर कहर बरसा रही है। भारी बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव, मकान गिरने और नदी में डूबने की घटनाएं सामने आई हैं। बारिश का पानी निचलने इलाकों में बने घरों में घुस गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अब तक सामान्य से 102% अधिक वर्षा दर्ज की है।

Image

झारखंड में तबाही मचा रही बारिश (AI Image)

Jharkhand Heavy Rainfall: झारखंड के कई इलाकों में हो रही लगातार भारी बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। रांची, रामगढ़, लातेहार, जमशेदपुर, हजारीबाग, बोकारो, गिरिडीह सहित कई शहरों में सड़कों पर पानी का जमाव हो गया है। इन शहरों के निचले इलाकों के कई घरों में भी पानी घुस गया है। नदियों, जलाशयों और झरनों में लोगों के डूबने-बहने और घरों के गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

हजारीबाग में गिरी मकान की छत

हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र में रसोईया धमना बाराटोला गांव में बारिश के बीच रविवार की देर रात को एक जर्जर मकान की छत गिर गई, जिसके मलबे में दबकर हबीब अंसारी और उनकी पत्नी जुमेरा खातून की मौत हो गई। दोनों की उम्र लगभग 50 वर्ष थी। लोगों को हादसे की जानकारी सोमवार को हुई। इसके बाद मलबे में दबे दंपती को ग्रामीणों ने बाहर निकाला।

पालमू में नदी में बहा बच्चा

पलामू जिले के पांकी थाना अंतर्गत उक्सू गांव निवासी 12 वर्षीय राकेश कुमार अमानत नदी में नहाने के दौरान बह गया। उसका शव सोमवार को बरामद किया गया। इसी थाना क्षेत्र के बसरिया गांव में 14 वर्षीय समीर अंसारी नहाने के दौरान अमानत नदी में डूब गया। उसकी तलाश जारी है। इसके पहले शनिवार की शाम पलामू शहर के बड़काबांध में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई थी।

बोकारो में बारिश में बहा पुल

बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड में जमुनिया नदी पर नवनिर्मित पुल का एक हिस्सा और गार्डवाल बारिश की धार में बह गया। इस नवनिर्मित पुल का उद्घाटन तक नहीं हुआ था। खूंटी जिले में स्थित पंचघाघ जलप्रपात में जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाने के कारण प्रशासन ने यहां जाने वाले रास्ते को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। यह कदम सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है।

झारखंड में सामान्य से 102 फीसदी अधिक बारिश

मौसम विभाग की ओर से राज्य भर में वर्षा की स्थिति को लेकर जारी रिपोर्ट के अनुसार, पूरे राज्य में अब तक सामान्य से 102 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। रांची में सबसे ज्यादा सामान्य से 265 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। इसी तरह लातेहार में सामान्य की तुलना में 241 प्रतिशत, लोहरदगा में 190, सरायकेला-खरसावां में 172 और पलामू में 156 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। राज्य के 24 जिलों में से केवल देवघर, गोड्डा और पाकुड़ जिले में सामान्य की तुलना में 12 से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!