Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची का हरमू रोड पर गुरुवार को NEET परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। प्रदेश भाजपा मुख्यालय का घेराव करने निकले हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई और अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी गईं।
बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ने की कोशिश
नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और जवाबदेही की मांग करते हुए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। हालांकि, स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भाजपा कार्यालय से करीब 100 मीटर पहले ही बहुस्तरीय बैरिकेडिंग लगा रखी थी। जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस बल के साथ उनकी तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हो गई। सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया।
फायर ब्रिगेड गाड़ी पर चढ़े बीजेपी कार्यकर्ता, फेंके अंडे और टमाटर
इसी बीच, भाजपा कार्यालय के बाहर भारी संख्या में एकत्र हुए बीजेपी और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी झंडे लहराते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। इस घटनाक्रम में कुछ बीजेपी कार्यकर्ता मौके पर खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी के ऊपर चढ़ गए और वहां से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ टमाटर और अंडे फेंकने लगे। जवाब में कांग्रेसियों ने भी पलटवार करते हुए बोतलें और अंडे फेंके, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पूरा इलाका छावनी में तब्दील, ट्रैफिक डायवर्ट
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी और एसडीओ समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मोर्चे पर तैनात रहे। हरमू रोड और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल और रैपिड एक्शन यूनिट्स को तैनात कर पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। इस हिंसक प्रदर्शन और झड़प के कारण हरमू रोड पर काफी देर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट कर जाम छुड़ाया। बता दें कि एक दिन पहले ही 14वीं JPSC पीटी परीक्षा में धांधली के आरोपों को लेकर BJP कार्यकर्ताओं ने JPSC दफ्तर और फिर कांग्रेस दफ्तर का घेराव किया था, जिसके बाद से ही राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ था। गुरुवार को नीट मुद्दे पर हुए इस नए टकराव ने सूबे की राजनीति में गर्माहट और बढ़ा दी है।
