शहर

'मुझे कुछ समय दें, जल्द ही जमीन पर दिखेगी रणनीति', राम मंदिर ट्रस्ट के CEO ने मांगा समर्थन

राम मंदिर के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एयर मार्शल (सेवानिवृत्त)जीतेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को भगवान राम के भक्तों से समर्थन और आशीर्वाद मांगा तथा कहा कि ट्रस्ट की रणनीति का परिणाम जल्द ही जमीन पर दिखने लगेगा।

Image

राम मंदिर के पहले CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा।

राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ बनने के बाद एयर मार्शल (सेवानिवृत्त)जीतेंद्र मिश्रा ने व्यवस्थाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने शुक्रवार को राम भक्तों से समर्थन और आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि मुझे कुछ समय दें, जल्द ही ट्रस्ट की रणनीति का परिणाम जमीन पर दिखेगा। उनका ये बयान ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बैठक के बाद आया है।

जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि हमारी अपील है कि आपका विश्वास और आशीर्वाद हमारे साथ बना रहे। राम भक्तों का आशीर्वाद हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आपके आशीर्वाद और विश्वास से हम आगे बढ़ेंगे। मुझे कुछ समय दें।

अभी तो मैं ट्रस्ट की प्रणाली समझने की कोशिश कर रहा

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा बुधवार को मंदिर के पहले सीईओ नियुक्त किए गए मिश्रा ने कहा कि वह वर्तमान में पूरी प्रणाली को समझने की कोशिश कर रहे हैं और ट्रस्ट के सदस्यों से मिलने और राम मंदिर का दौरा करने के बाद उन्होंने अपनी योजनाओं को क्रियान्वित करना शुरू कर दिया है।

कुछ ही दिनों में दिखेंगे परिणाम

उन्होंने आगे कहा कि परिणाम कुछ ही दिनों में दिखने लगेंगे। इस दौरान उन्होंने बैठक के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में विभिन्न हितधारकों के साथ काम करने और ट्रस्ट के काम को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विस्तार से बात हुई।

भगवान राम का जताया आभार

इस दौरान उन्होंने सीईओ की जिम्मेदारी सौंपे जाने के लिए भगवान राम के प्रति आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम ने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर मुझ पर अपनी कृपा बरसाई है। इससे अधिक कोई और क्या मांग सकता है?

गौरतलब है कि राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक अयोध्या में वैदेही भवन में हुई। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के साथ ही कई सदस्यों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लिया।

राम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन में किया गया है बड़ा बदलाव

बता दें कि बीते बुधवार को राम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन में बड़ा बदलाव किया गया था। उसी दिन जितेंद्र मिश्रा को मंदिर का पहला सीईओ नियुक्त किया गया था। साथ ही गोविंद देव गिरि को नया महासचिव नामित किया गया था। वहीं, दिल्ली के महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अयोध्या के मदन मोहन पांडे, शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव और भागचंदका को नए ट्रस्टी के रूप में शामिल किया गया है। इस प्रकार डॉ. निर्मला यादव ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य हैं।

‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व करने वाले जितेंद्र मिश्रा उन तीन उम्मीदवारों में शामिल थे, जिन्हें ट्रस्ट की चयन समिति ने 5,585 आवेदनों की जांच के बाद सीईओ पद के लिए चयनित किया था।

गौरतलब है कि राम मंदिर से दान की चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट प्रबंधन में बदलाव किया गया है। राम मंदिर में चढ़ावे में कथित चोरी मामले को लेकर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा सहित प्रमुख पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया था। वहीं, विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव को उनके कर्तव्यों से मुक्त कर दिया गया। कथित दान चोरी के सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और वे फिलहाल जेल में हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article