शहर

अयोध्या: रक्षा मंत्री राजनाथ ने अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई, सीएम योगी भी रहे मौजूद

अन्नपूर्णा मंदिर, राम मंदिर परिसर में स्थित सात मंदिरों में से एक है। श्रीराम के जयकारों और मंत्रोच्चार के बीच रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजन कर मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई। दर्शन-पूजन के बाद जब दोनों नेता मंदिर परिसर से बाहर निकले, तो श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया।

Image

अयोध्या परिसर में राजनाथ-योगी ने की पूजा अर्चना (ANI)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी के मौके पर राम मंदिर परिसर में अन्नपूर्णा मंदिर में धर्म ध्वजा फहराई और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। अन्नपूर्णा मंदिर, राम मंदिर परिसर में स्थित सात मंदिरों में से एक है। श्रीराम के जयकारों और मंत्रोच्चार के बीच रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजन कर मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई। दर्शन-पूजन के बाद जब दोनों नेता मंदिर परिसर से बाहर निकले, तो श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया।

परिसर में भक्तिमय और उत्साह का माहौल रहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। पूरे परिसर में भक्तिमय और उत्साह का माहौल बना रहा। अधिकारियों के अनुसार, राजनाथ सिंह ने रामलला की पूजा की और राम मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में भी हिस्सा लिया। मुख्य धार्मिक कार्यक्रम बुधवार को हुआ लेकिन प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी से जुड़े अनुष्ठान शुक्रवार तक जारी रहेंगे। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान शनिवार से ही आयोजित किए जा रहे हैं।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने बताया कि इन धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान रामलला के दर्शन के लिए पांच से छह लाख श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है। इससे पहले, प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार सुबह अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता हनुमानगढ़ी पहुंचे और दर्शन-पूजन के उपरांत श्रीराम जन्मभूमि परिसर आए।

धर्म ध्वजा फहराने का यह कार्यक्रम 25 नवंबर को हुए उस आयोजन के बाद हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर के शिखर पर केसरिया धर्म ध्वजा फहराई थी। इसे मंदिर निर्माण के औपचारिक रूप से पूर्ण होने का प्रतीक माना गया। पिछले साल 22 जनवरी को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयोजित समारोह के दौरान राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article