राजस्थान में आज का मौसम (23 Jan 2026): राजस्थान में मौसम का मिजाज बदल गया है। यहां कड़ाके की ठंड के बीच बारिश ने दस्तक दे दी है। आज सुबह से ही कई जिलों में बारिश दर्ज की जा रही है। साथ ही कहीं-कहीं ओले भी गिरे हैं। प्रदेश की राजधानी जयपुर में इस मौसम की पहली बारिश हुई। सुबह 5 बजे आंधी के साथ बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बारिश में बदल गया। साथ ही बादलों की गरज और बिजली की कड़क भी सुनाई दी। वहीं सीकर में कई जगहों पर सुबह ओले भी गिरे। टोंक भी तेज हवाएं चलने से मौसम बदल गया। इसके अलावा नागौर, अलवर, सीकर समेत कई जिलों में आज सुबह बारिश हुई। जिसके बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है। गुरुवार को भी जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर, जोधपुर और गंगानगर समेत आसपास के जिलों में हल्की बारिश हुई थी।
राजस्थान के इन जिलों में बारिश और ओले का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 14 जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। जिनमें चूरू, सीकर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, नागौर, जयपुर, टोंक, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, अजमेर, सवाई माधोपुर और करौली शामिल हैं। वहीं 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें बीकानेर, जोधपुर, गंगानगर, पाली, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, बूंदी, कोटा, झालावाड़ और बारां शामिल हैं। राज्य में कल से घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया गया है।
राजस्थान में फिर लौटेगा घना कोहरा
IMD के अनुसार बारिश के बाद राजस्थान में फिर से घने कोहरे का दौर लौटने की आशंका है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 24 जनवरी को जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर समेत 16 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 25 जनवरी को भी 13 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। जिनमें भरतपुर, दौसा, अलवर, जयपुर, नागौर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर, बीकानेर, जोधपुर और जैसलमेर शामिल हैं।
