शहर

राजस्थान का मौसम (16 Feb 2026) Rajasthan Weather Today: अलर्ट रहें! राजस्थान में आने वाली है धूल भरी आंधी और बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 16 Feb 2026: राजस्थान में मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। बाड़मेर में तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है, वहीं 17-18 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते जयपुर और बीकानेर संभाग में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

राजस्थान में कल से आंधी-बारिश की संभावना

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (16 Feb 2026): राजस्थान के मौसम में इन दिनों मौसम का एक अनोखा दौर देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ प्रदेश के पश्चिमी रेतीले जिलों में सूरज के तेवर अभी से मार्च वाली गर्मी की याद दिला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हिमालय से आने वाला एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) फिर से बादलों और बारिश का घेरा बनाने को तैयार है।

बाड़मेर-जैसलमेर में मार्च जैसी गर्मी

राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में फरवरी के महीने में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जो इस मौसम के लिहाज से काफी ज्यादा है। जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और चूरू जैसे जिलों में भी दिन के समय तेज धूप ने लोगों को पसीने छुड़ा दिए हैं। ऐसा लग रहा है मानो सर्दी ने समय से पहले ही विदाई ले ली हो, लेकिन शेखावाटी और माउंट आबू जैसे इलाकों में अब भी सुबह-शाम की गुलाबी ठंड बरकरार है।

17-18 को बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में एक नया 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' सक्रिय होने जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर 17 और 18 फरवरी को देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि इस सिस्टम के प्रभाव से जयपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की छिटपुट बारिश भी हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जो बढ़ते पारे पर थोड़ा लगाम लगा सकती हैं।

कहीं कड़ाके की ठंड, कहीं झुलसाती धूप

राजस्थान के तापमान के आंकड़े बड़े ही हैरान करने वाले हैं। जहां एक तरफ बाड़मेर 35.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं पाली में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। सीकर के फतेहपुर में भी पारा 7 डिग्री तक गिर गया। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा। यह विविधता दिखाती है कि राजस्थान में अभी सर्दी और गर्मी के बीच 'टग-ऑफ-वॉर' यानी खींचतान चल रही है।

अगले 24 घंटों का पूर्वानुमान

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, फिलहाल अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दिन में धूप तेज खिली रहेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। लेकिन 17 फरवरी से जैसे ही नया विक्षोभ सक्रिय होगा, पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के जिलों में धूल भरी हवाएं और बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article