राजस्थान में आज का मौसम (4 May 2026): राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी का मौसम है। आमतौर पर इन दिनों तापमान लगातार ऊपर बना रहता है और लू (Heatwave) से लोगों का जीना मुहाल होता है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर में राजस्थान में गर्मी की छुट्टी हो गई है। आज और इस हफ्ते राजधानी जयपुर सहित राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में धूल भरी आंधी, बारिश और कई स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना है। ऐसा सिर्फ इसलिए क्योंकि एक काफी मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हुआ है, जिसके कारण आज यानी सोमवार 4 मई को राजस्थान के साथ ही दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर और उत्तर पश्चिमी भारत के ज्यादातर हिस्सों में देर रात से बारिश हो रही है। इस पूरे हफ्ते होने वाली बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और लोगों को लू के थपेड़े नहीं सहने पड़ेंगे.
जयपुर, अलवर में बारिश और ओलावृष्टि
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार जयपुर, दौसा, झुंझुनूं, सीकर और अलवर में आज यानी सोमवार 4 मई को 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अनुमान है। उम्मीद की जा रही है कि आंधी के बाद हल्की बारिश होने की भी संभावना है और कुछ जगहों पर ओले गिरने की चेतावनी भी मौसम केंद्र ने दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 19 जिलों में आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में कल कैसा रहा मौसम
कल यानी रविवार 3 मई को दौसा, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर ओले भी गिरे। तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में पेड़ धराशायी हो गए, बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई और कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। दौसा जिले के मानपुर क्षेत्र में लगभग एक घंटे तक अंधड़, बारिश और ओले गिरे। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मानपुर चौराहे के पास एक बड़ा पेड़ सड़क पर ही गिर गया। इससे यहां पर करीब 40 मिनट तक ट्रैफिक जाम रहा। मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में भी ओले गिरे
जयपुर में पेड़ गिरने से सड़क जाम
जयपुर शहर में हविवार को ऐतिहासिक पर्यटन स्थल हवामहल के सामने अशोक का पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह जाम हो गई। हालांकि, रविवार को दिनभर धूप और उमस बनी रही, लेकिन अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया, जो इन दिनों के लिए सामान्य से कम रहा। मौसम विभाग ने गुलाबी नगरी के लिए आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अलवर में सब्जी के खेतों में पड़े बड़े-बड़े ओले
अलवर जिले में मौसम ने दोहरा रूप दिखाया। यहां दिन में तेज गर्मी रही, लेकिन शाम होते-होते कई इलाकों में घने बादल छाने लगे और फिर ओलावृष्टि शुरू हो गई। मालाखेड़ा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सब्जी की फसलों को ओले गिरने से काफी नुकसान पहुंचा। रामगढ़ के मिलकपुर गांव में तूफान चलते कई पेड़ उखड़ गए और झुग्गी-झोपड़ियां तक उड़ गईं।
बारिश ने किया सूरज का पारा डाउन
हनुमानगढ़ के रावतसर में भी ओले गिरे, जबकि झुंझुनूं जिले में रविवार को सबसे ज्यादा 39MM बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से राज्य के ज्यादातर शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। डूंगरपुर में सबसे कम 33 डिग्री, हनुमानगढ़ में 35.7 और सीकर में 37 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जबकि अभी कुछ दिन पहले ही ज्यादातर शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर था और कुछ जगहों पर यह 45 डिग्री से भी ऊपर पहुंच गया था।
अजमेर में आंधी और बारिश के आसार
उदयपुर में रविवार को तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिली, जबकि अजमेर में सोमवार को तेज आंधी और बारिश के आसार बने हुए हैं। उधर कोटा और जोधपुर में गर्मी अब भी बरकरार है, लेकिन अगले कुछ दिनों में यहां के मौसम में भी बदलाव आने की संभावना जताई गई है। यानी कोटा और जोधपुर के लोगों को भी प्रचंड गर्मी से इस हफ्ते कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर इस पूरे हफ्ते बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है।
