शहर

राजस्थान का मौसम (13 March 2026): Rajasthan Weather Today: आज हीटवेव से राहत, तापमान में आएगी गिरावट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13 March 2026: राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। हीटवेव से लोगों का दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते आज और अगले कुछ दिन तापमान कम रहेगा और लू से राहत मिलेगी। जानिए आज कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम -

Image

राजस्थान में आज के मौसम का हाल, तामपान में मामूली गिरावट के संकेत

राजस्थान में आज का मौसम (13 March 2026): उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और पश्चिमी भारत खासतौर पर राजस्थान में प्रचंड गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। विशेष तौर पर राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी और लू के थपेड़े पड़ रहे हैं। दिन का तापमान लगातार नई ऊंचाई छू रहा है और इसके चलते हीट वेव से लोगों का दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। अभी तो मार्च का महीना भी आधा नहीं बीता है और भीषण गर्मी ने जो रूप दिखाना शुरू कर दिया है, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में मौसम की भारी मार पड़ने की आशंका बनी हुई है। आज यानी शुक्रवार को भी राजस्थान में प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा।

कल का मौसम कैसा रहा?

हालांकि, कल यानी गुरुवार 12 मार्च को राजस्थान के जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर जैसे जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिला। इन जिलों के कुछ हिस्सों में दिन के समय बादल छाए रहे, जिससे गुरुवार को लू के थपेड़ों के कुछ हद तक राहत मिली। गुरुवार को कोटा में बहुत ज्यादा गर्मी का प्रकोप देखने को मिला, यहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री तक पहुंच गया। बाड़मेर में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार 40 या इससे ऊपर बना हुआ था, जो गुरुवार को 39.4 डिग्री रहा। राज्य की राजधानी, गुलाबी नगरी जयपुर के आसमान में भी बादल छाए रहने से धूप कमजोर रही, दोपहर बाद हल्की धूल भरी हवा चलने से तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आया, राहत लाया

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राजस्थान में अगले 10-12 दिनों के दौरान 2 वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने की संभावना है। इन पश्चिमी विक्षोभों के चलते दिन के समय बादल छाए रहने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। यही नहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की भी संभावना है। इन दोनों वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते अगले दो हफ्ते तक राजस्थान को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ ही कुछ इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी 17 मार्च तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसी के चलते राजस्थान में भी आज लोगों को प्रचंड लू का सामना नहीं करना पड़ेगा।

राजस्थान में कल का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार कल यानी शनिवार 14 मार्च को राजस्थान के 8 जिलों में आंधी चलने के साथ ही बारिश भी हो सकती है। 14 और 15 मार्च को राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक (थंडरस्टॉर्म) के साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी, जिसके कारण हीटवेव का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

एक और पश्चिमी विक्षोभ हीटवेव को रखेगा दूर

राजस्थान में 19 मार्च से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिसका असर 19 से 21 मार्च तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान यानी अगले हफ्ते के अंत में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने के कारण तापमान कम रहेगा और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। यही नहीं कुछ छिट-पुट इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है। दोनों वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर 23-24 मार्च तक रहेगा, जिससे राजस्थान में सामान्य गर्मी बनी रहेगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article