शहर

राजस्थान का मौसम (12 June 2026) Rajasthan Weather Today: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस लेकर आया भीषण गर्मी से राहत, आज 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 June 2026: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आज भी राज्य के 20 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कल जैसलमेर सबसे गर्म शहर रहा।

Image

राजस्थान के 20 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 12 जून 2026): राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कल यानी गुरुवार 11 जून को राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बादल छाने, बारिश और ओलावृष्टि जैसी गतिविधियां देखने को मिलीं। मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार 12 जून के लिए भी 20 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस का असर अब भी बरकरार है।

मौसम विभाग के मुताबिक कल श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और अलवर समेत कई जिलों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ और श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले भी गिरने से पारा भी गिर गया। वहीं हनुमानगढ़, झुंझुनूं और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

46 डिग्री तापमान के साथ जैसलमेर सबसे गर्म शहर

हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप अब भी जारी रहा। गुरुवार को जैसलमेर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि श्रीगंगानगर में पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चूरू और अन्य सीमावर्ती जिलों में भी तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच बना रहा।

जयपुर में उमस से परेशान लोग

राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि, तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिली, लेकिन हवा में नमी ज्यादा होने के कारण दिनभर उमस से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग ने आज से बारिश और तेज हवाओं का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई है।

अजमेर और सीकर में कितना रहा तापमान?

उदयपुर में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री रहा, जबकि शाम के समय मौसम सुहावना हो गया। वहीं सीकर में तापमान बढ़कर 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

जोधपुर और कोटा में तापमान कैसा रहा

जोधपुर और कोटा संभाग में भी गुरुवार को गर्मी और उमस का असर बना रहा। जोधपुर में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री और कोटा में 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गर्जन के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

जानकारों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को प्रचंड गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article