शहर

Rajasthan: चूरू में मौत का तांडव; दो गाड़ियों की भिड़ंत के बाद लगी आग, 3 लोग जिंदा जले

Rajasthan Accident: राजस्थान के चूरू (सादुलपुर) में थिरपाली और चांदगोठी के बीच दो गाड़ियों की टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई और 5 घायल हैं।

Image

हादसे के बाद गाड़ियों में लगी आग

Photo : Times Now Digital

Rajasthan Accident: राजस्थान के चूरू जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। सादुलपुर क्षेत्र में गुरुवार को दो गाड़ियों के बीच हुई भीषण टक्कर ने खुशियों को मातम में बदल दिया। थिरपाली और चांदगोठी के बीच हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

टक्कर के बाद आग का गोला बनीं गाड़ियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते गाड़ियां आग का गोला बन गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग की भीषण लपटों के कारण वे बेबस नजर आए। इस भयानक मंजर में तीन लोग गाड़ी के भीतर ही जिंदा जल गए।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही हमीरवास पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ियों में लगी आग पर काबू पाया, जिसके बाद वाहनों को काटकर मृतकों के शवों और घायलों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने सभी पांच गंभीर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

तेज रफ्तार बनी काल

शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है। हमीरवास पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखवाया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और प्रशासन द्वारा घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article