छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में नक्सलियों ने 40 वर्षीय महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने मद्देड़ थानाक्षेत्र के लादेड़ गांव में रहने वाली यालम सुकरा को शनिवार को अगवा कर लिया और उसे पास की एक पहाड़ी पर ले गए। उन्होंने बताया कि सुकरा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव को इलाके में छोड़ दिया गया।
मुखबिर होने के संदेह में हत्या
अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल से नक्सलियों की मद्देड़ क्षेत्रीय कमेटी का एक पर्चा बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पर्चे में नक्सलियों ने महिला पर 2017 से पुलिस मुखबिर के तौर पर काम करने का आरोप लगाया। अधिकारी ने बताया कि हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया है।
इस साल 60 लोगों की हत्या
पुलिस ने बताया कि इस घटना के साथ ही नक्सलियों ने इस साल बीजापुर समेत सात जिलों वाले बस्तर संभाग में अब तक 60 से अधिक लोगों की हत्या की है। नक्सलियों ने छह दिसंबर को बीजापुर के बासागुड़ा क्षेत्र में आंगनवाड़ी में काम करने वाली एक महिला सहायिका की पुलिस मुखबिर होने के संदेह में हत्या कर दी जबकि चार दिसंबर को बीजापुर में अलग-अलग स्थानों पर दो पूर्व सरपंचों (ग्राम पंचायत प्रमुखों) की हत्या कर दी गई थी।
इनपुटः भाषा
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
