Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में युवाओं ने सरकार के खिलाफ नग्न प्रदर्शन किया। बिना कपड़ों के युवा विधानसभा के सामने पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारी रायपुर में फर्जी एससी/एसटी सर्टिफिकेट के जरिए सरकारी नौकरी पाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
बता दें, छत्तीसगढ़ में चार दिवसीय मानसून सत्र की शुरुआत मंगलवार से ही हुई है। इसी दौरान अनुसूचित जाति और जानजाति के करीब एक दर्जन युवाओं ने नग्न होकर विधानसभा की ओर मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां भी ले रखी थीं, जिसमें सरकार से कार्रवाई की मांग की गई।
क्या बोले प्रदर्शनकारी
इस मामले में प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया, राज्य सरकार की जांच समिति ने फर्जी प्रमाणपत्रों की जांच की और पाया कि 267 सरकारी कर्मचारियों ने जाली प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल कर नौकरी हासिल की थी। उन्होंने कहा, समय बीत जाने के बाद भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने बताया, इससे पहले कार्रवाई की मांग करते हुए हम लोगों ने भूख हड़ताल भी की थी, लेकिन इसके बावजूद हमारी मांग को अनसुना कर दिया गया, जिसके चलते अब हमें नग्न होकर धरना देना पड़ रहा है।
भाजपा ने सरकार पर साधा निशाना
इस मामले में भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने कहा, कांग्रेस और भूपेश बघेल सरकार ने एक बार फिर से एससी और एसटी समाज को ठगने का काम किया है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
