शहर

CM Helpline: शिकायतकर्ताओं को फोन कर CM ने पूछा, मैं पुष्कर सिंह धामी बोल रहा हूं; आपका काम हो गया?

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धानी ने सीएम हेल्पलाइन की सक्रियता जांचने के क्रम में शिकायतकर्ताओं से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में विभागों के लिए डेडलाइन तय की थी और अच्छी बात ये है कि अब सभी शिकायतों का समाधान हो चुका है।

Image

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की शिकायतकर्ताओं से बात

उत्तराखंड में लोगों के लिए सीएम हेल्पलाइन नंबर 1905 मौजूद है, जिस पर निवासी अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करवाते हैं। हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज होने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए दिए जाने वाले निर्देशों पर विभाग कितनी तत्परता से काम कर रहे हैं, यह जांचने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यानी बुधवार 21 मई को कई आवेदकों से बातचीत कर फीडबैक लिया।

इस दौरान सभी शिकायतकर्ताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री के पिछले दिशा-निर्देश के बाद अब उनकी शिकायतों का निस्तारण हो चुका है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में CM Helpline की समीक्षा की थी। इसमें कुछ मामले ऐसे थे, जिनमें मुख्यमंत्री ने विभागों को तय समय सीमा के भीतर हल करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं मामलों में विभागों के स्तर से क्या कार्रवाई की गई, यह जानने के लिए CM धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कई शिकायतकर्ताओं से बातचीत की।

सबसे पहला मामला उत्तरकाशी निवासी लक्ष्मी देवी का था, जिन्होंने शिक्षा विभाग से पारिवारिक पेंशन नहीं लग पाने की शिकायत की थी। सीएम से बातचीत में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के पिछले दिशा-निर्देश के बाद विभाग ने उनकी पारिवारिक पेंशन स्वीकृत कर दी है। इसी तरह से रुद्रप्रयाग निवासी जगदम्बा प्रसाद नौटियाल ने शिक्षा विभाग से मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं हो पाने की शिकायत की थी। उन्होंने भी सीएम पुष्कर सिंह धामी को बताया कि उनके हस्तक्षेप के बाद लंबित बिलों का भुगतान हो गया है।

इसी तरह उद्यान विभाग से रिटायर्ड नैनीताल निवासी बहादुर सिंह बिष्ट ने भी सीएम पुष्कर सिंह धामी को बताया कि सीएम के गत दिशा-निर्देशों के क्रम में विभाग ने उनका जीपीएफ का भुगतान कर लिया है। सभी शिकायतकर्ताओं ने इसके लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी न सिर्फ सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली शिकायतों की समीक्षा कर रहे हैं, बल्कि वह बैठकों के बाद होने वाली कार्रवाई पर भी संवेदनशीलता के साथ नजर बनाए हुए हैं। इसी क्रम में सीएम अब फिर से शिकायतकर्ताओं से वास्तविक फीडबैक ले रहे हैं। इससे विभागों पर भी शिकायतों के निस्तारण में तत्परता दिखाने का दबाव बन रहा है।

इस अवसर प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी.अंशुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article