Puri Rourkela Vande Bharat : भारतीय रेलवे ने सात अगस्त से पुरी-राउरकेला-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस में डिब्बों की संख्या आठ से बढ़ाकर 16 करने का निर्णय लिया है। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि पुरी-राउरकेला-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस में अब 12 एसी चेयर कार, दो एक्जीक्यूटिव चेयर कार और दो क्रू चेयर कार कोच होंगे। उन्होंने कहा कि यात्रियों से ट्रेन को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आइये जानते हैं यह ट्रेन किन स्टेशनों पर रुकती है और इसका किराया कितना है?
पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस (20836/20835) एक सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है, जो पुरी को राउरकेला से जोड़ती है और 7.5 घंटे में 505 किलोमीटर की दूरी तय करती है। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है और पुरी से राउरकेला के लिए सुबह पांच बजे, राउरकेला से पुरी के लिए दोपहर 2.10 बजे प्रस्थान करती है।
पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस के स्टेशन
पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस 11 स्टेशन पर रुकती है, जिनमें पुरी, खुर्दा रोड जंक्शन, भुवनेश्वर, कटक, ढेंकानाल, तालचेर रोड, अनुगुल, रेढ़ाखोल, संबलपुर सिटी और झारसुगुड़ा जंक्शन स्टेशन शामिल हैं।
पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया
पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 6 दिन चलती है। इसके एसी चेयरकार का किराया 1245 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2200 रुपये के आसपसा है।
दैनिक जागरण के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 20836 (पुरी-राउरकेला) में 112.76 प्रतिशत सवारियां दर्ज की गईं, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या (20835) में 127.64 प्रतिशत सवारियां दर्ज की गईं। ऐसे में यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए कोच बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में रेलवे को अधिक राजस्व की प्राप्ति होगी।
