पंजाब (Punjab) के कुराली में बुधवार को साढ़े चार साल की मासूम का दिनदहाड़े अपहरण मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पंजाब पुलिस (Punjab Police)ने पीड़ित दादा-दादी की शिकायत पर तत्काल एक्शन लेते हुए 5 घंटे के भीतर बच्ची को बरामद कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची के ननिहाल पक्ष ने ही उसका अपहरण किया था। बच्ची के पिता ने बताया कि उनके साले विक्रम, गुरदर्शन, संदीप कुमार और एक महिला सहित 3 अज्ञात व्यक्ति अपहरण में शामिल थे। यह मामला वैवाहिक विवाद के बीच बच्ची के माता-पिता के बीच हिरासत विवाद से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आगे की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
दरअसल, आरोपी बच्ची के दादा-दादी के सामने ही उसे कार में उठाकर ले गए। बुजुर्ग दंपति मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी बच्ची के साथ मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया।
पारिवारिक विवाद में बच्ची का अपहरण
जिस समय बच्ची अपने दादा-दादी के साथ घर के बाहर मौजूद थी। इसी दौरान कार सवार आरोपी वहां पहुंचे और बच्ची को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाने लगे। बच्ची को बचाने के लिए उसके दादा-दादी ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें कार से कुचलने का प्रयास किया। हालांकि दोनों बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पाई। बच्ची के पिता ने इस पूरे मामले में अपनी पत्नी पर शक जताया था। उनके अनुसार पत्नी के साथ उनका लंबे समय से विवाद चल रहा है और बच्ची को लेकर कोर्ट में कस्टडी का केस भी चल रहा है। ऐसे में पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी ने ही कुछ लोगों की मदद से बच्ची का अपहरण करवाया हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
एसएएस नगर के एसपी ग्रामीण मनप्रीत सिंह ने बताया कि हमें 5 वर्षीय बच्ची रविजोत कौर के अपहरण की सूचना मिली। बच्ची की दादी ने शिकायत की कि जब वे उसे स्कूल से घर ला रही थीं, तो एक सफेद कार और एक बाइक उनके सामने रुकी, 4-5 पुरुषों और एक महिला ने उन पर हमला किया और बच्ची को अगवा कर लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसके परिणामस्वरूप 5 घंटे के भीतर बच्ची को बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि बच्ची के ननिहाल पक्ष ने उसका अपहरण किया है। आगे की जांच जारी है और हम आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
