शहर

Punjab: घर के बाहर से दिनदहाड़े अगवा हुई बच्ची, बचाने दौड़े दादा-दादी पर कार चढ़ाने की कोशिश; देखें खौफनाक वीडियो

पंजाब के कुराली में साढ़े चार साल की बच्ची का उसके दादा-दादी के सामने दिनदहाड़े अपहरण हो गया। आरोपियों ने बच्ची को कार में बैठाकर फरार होने के दौरान बुजुर्ग दंपति को कुचलने की भी कोशिश की। वहीं बच्ची के पिता ने अपनी पत्नी पर अपहरण की साजिश का शक जताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।

Image

Child kidnapping

Photo : Times Now Digital

पंजाब के कुराली से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां साढ़े चार साल की मासूम का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। आरोपी बच्ची के दादा-दादी के सामने ही उसे कार में उठाकर ले गए। बुजुर्ग दंपति मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी बच्ची के साथ मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

दादा-दादी को कार से कुचलने की कोशिश

इस खौफनाक घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने दादा-दादी के साथ घर के बाहर मौजूद थी। इसी दौरान कार सवार आरोपी वहां पहुंचे और बच्ची को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाने लगे। बच्ची को बचाने के लिए उसके दादा-दादी ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें कार से कुचलने का प्रयास किया। हालांकि दोनों बाल-बाल बच गए।

बच्ची के पिता ने पत्नी पर लगाए संगीन आरोप

घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। वहीं बच्ची के पिता ने इस पूरे मामले में अपनी पत्नी पर शक जताया है। उनके अनुसार पत्नी के साथ उनका लंबे समय से विवाद चल रहा है और बच्ची को लेकर कोर्ट में कस्टडी का केस भी चल रहा है। ऐसे में पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी ने ही कुछ लोगों की मदद से बच्ची का अपहरण करवाया हो सकता है।

फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को सुरक्षित बरामद करने के लिए टीमें गठित की गई हैं और आरोपियों तक जल्द ही पहुंचने की कोशिश की जा रही है। दिनदहाड़े हुए इस किडनैपिंग केस में इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वारदात से स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों है। लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article