Punjab Arms Smuggling Arrest: पंजाब पुलिस ने अमृतसर जिले में कथित सीमा पार हथियार तस्करी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया और छह लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक किशोर भी शामिल है। उनके कब्जे से पुलिस ने पांच पिस्टल और एक धारदार हथियार जब्त किया। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार को साझा की।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित हथियार तस्करों से संपर्क में थे और अपने आकाओं के निर्देशानुसार ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से हथियार मंगवा रहे थे। इसके बाद ये हथियार राज्य भर में वितरित किए जा रहे थे। आरोपियों की पहचान अमृतसर के मकबूलपुरा के रोहित कुमार (18), तरनतारन के काले गांव के करणबीर सिंह उर्फ अजय (24), तरनतारन के मैरी मेघा गांव के जशनदीप सिंह उर्फ ज्ञानी (18), ओंकार सिंह उर्फ वंश (21), आकाशदीप सिंह (24) और एक 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपियों से .30 बोर की एक पिस्तौल, नौ मिमी ग्लॉक की एक पिस्तौल, .30 बोर की एक पीएक्स5, नौ मिमी की एक टॉरस और नौ मिमी की एक ग्रेटा (पाकिस्तान में निर्मित) के साथ 34 कारतूस बरामद किए। इस अभियान के बारे में बताते हुए, अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस टीम ने शुरुआत में गश्त के दौरान रोहित कुमार और किशोर को पकड़ा और .30 बोर की एक पिस्तौल और एक धारदार हथियार बरामद किया।
पुलिस आयुक्त ने क्या बताया?
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि हथियारों की आपूर्ति करणबीर सिंह उर्फ अजय ने की थी, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की पूछताछ में तीन अन्य आरोपियों ओंकार सिंह, आकाशदीप सिंह और जशनदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से चार पिस्तौल बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि अमृतसर के मकबूलपुरा थाना क्षेत्र में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6), 25(7) और 25(8) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
