चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने अमृतसर में नशे और हथियारों की तस्करी से जुड़े एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मंगलवार को इससे जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10.030 किलो हेरोइन, दो असॉल्ट राइफल, तीन मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के संबंध विदेश में बैठे तस्करों से होने की बात सामने आई है। आरोपी कथित तौर पर पंजाब में आगे सप्लाई के लिए ड्रग्स और अवैध हथियार मंगाते थे।
पाकिस्तान से मंगाते थे हथियार
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अमृतसर के मोधे गांव में करीब एक एकड़ जमीन अमरूद के बाग के लिए लीज पर ले रखी थी। यह जगह भारत-पाकिस्तान सीमा से करीब 500 मीटर दूर है। आरोप है कि आरोपी ड्रोन के जरिए सीमा पार से गिराए गए हथियार और नशे की खेप को यहीं से रिसीव करते थे। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में एक AK-47 और एक AK-56 शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर ग्रामीण के रहने वाले संदीप सिंह (32), उसकी पत्नी कमलजीत कौर (31) और उसके साले बिक्रमजीत सिंह (23) के रूप में हुई है।
अमृतसर ग्रामीण के SSP कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि संदीप और कमलजीत कथित तौर पर सीमा पार से होने वाली तस्करी की गतिविधियों को मिलकर संभालते थे। वहीं, बिक्रमजीत सिंह खेप को लेने, उसे एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने और डिलीवरी करने में मदद करता था। पुलिस के मुताबिक, संदीप सिंह पहले से हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट समेत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच में नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, घरिंडा थाने की टीम ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हथियारों और नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा।
