शहर

पंजाब-हरियाणा का मौसम (11 Jan 2026) Punjab-Haryana Weather Today: पंजाब में ठिठुरन का दौर जारी, हरियाणा में 2 डिग्री से नीचे लुढ़का पारा

पंजाब-हरियाणा का मौसम (पंजाब-हरियाणा में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 Jan 2026: पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घने कोहरे और शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति भी बनी हुई है। हरियामा में शनिवार को महेंद्रगढ़ में 2 डिग्री से नीचे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब में लोहड़ी के दिन मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि इस दौरान ठंड और धुंध का असर बना रहेगा।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

पंजाब-हरियाणा में आज का मौसम (11 Jan 2026): हरियाणा और पंजाब में भीषण ठंड की आगोश में हैं। दोनों राज्यों में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। दिन में भी सर्द हवाओं के कारण कंपकंपी छूट रही है। आने वाले दिनों में भी ठंड का मौसम ऐसे ही बरकरार रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार लोहड़ी के पर्व पर बारिश खलल नहीं डालेगी। इस दिन मौसम साफ रहने की संभावना जताई जा रही है।

पंजाब में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार आज पंजाब में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय अमृतसर, कपूरथला, तरनतारन, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। साथ ही कई जिलों में शीतलहर चलने और कोल्ड डे की स्थिति भी बनी रह सकती है। शनिवार को राज्य के 10 जिलों में घना कोहरा देखने को मिला। वहीं 5 जिलों में कोल्ड वेव और 6 जिलों में शीत दिवस रहा।

पंजाब में लोहड़ी पर कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में इस बार 15 या 16 जनवरी के बाद बारिश होने की संभावना है। लोहड़ी के मौके पर मौसम साफ रह सकता है। हालांकि सुबह के समय धुंध का असर रहेगा। पिछले 2 सालों में लोहड़ी पर कई इलाकों में बारिश दर्ज हुई। लेकिन इस बार लोहड़ी पर बारिश न होने से लोगों को पतंग उड़ाने और अन्य आयोजनों में बाधा नहीं पड़ेगी।

हरियाणा में आज कैसा मौसम रहेगा

हरियाणा में भी आज मौसम शुष्क रहने और कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जिनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत और यमुनानगर शामिल हैं। इसके अलावा रोहतक, झज्जर, हिसार समेत कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है। घने कोहरे से सुबह और देर रात को दृश्यता प्रभावित होगी। कई इलाकों में आज कोल्ड डे की स्थिति भी बनी रहेगी। खासतौर पर राज्य के दक्षिणी हिस्से में गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और मेवात ठंड का असर ज्यादा रहने की संभावना है।

हरियाणा का सबसे ठंडा जिला कौन सा है?

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को हरियाणा में सबसे ठंडा जिला महेंद्रगढ़ रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में न्यूनतम पारा 4 डिग्री, करनाल में 4.4 डिग्री, रोहतक में 5 डिग्री और गुरुग्राम में 1.8 डिग्री दर्ज हुआ। राज्य में सबसे कम अधिकतम तापमान नारनौल में सामान्य से 7 डिग्री कम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!