शहर

फिरोजपुर पुलिस ने पाकिस्तान से हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, दो आरोपी गिरफ्तार

पंजाब की फिरोजपुर पुलिस ने पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के पास से कई हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस इस मामले की आगे जांच में जुटी हुई है।

Police

फिरोजपुर पुलिस ने पाकिस्तान से हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया (फोटो - Canva)

Punjab News: पंजाब पुलिस ने सीमा पार हथियार तस्करी करने वाले एक और बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया। बीते कुछ महीने से लगातार इस सीमा पार से हो रही हथियार तस्करी मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस बार पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खुफिया जानकारी के आधार पर फिरोजपुर पुलिस ने कार्रवाई की और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरी और विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया और कई हथियार बरामद किए गए।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से 6 ग्लॉक 9 एमएम पिस्टल, 4 मैगजीन और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में विक्रमजीत ने एक पाकिस्तानी तस्कर के साथ सीधे संबंध होने की बात कबूल की, जिसके खुलासे पर पुलिस ने दो अतिरिक्त ग्लॉक पिस्तौल भी जब्त की। यह कार्रवाई पंजाब में बढ़ते अवैध हथियारों के प्रवाह को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

सीमा पार हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस सफलता की जानकारी साझा की। उन्होंने पोस्ट किया, "एक खुफिया जानकारी के आधार पर, फिरोजपुर पुलिस ने एक सीमा पार हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और दो आरोपियों, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरी और विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की, को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 6 ग्लॉक 9 मिमी पिस्तौल, 4 मैगजीन और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।"

आरोपियों का पाकिस्तानी तस्कर के साथ सीधा संपर्क

डीजीपी ने आगे बताया कि आरोपी विक्रमजीत सिंह अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल एक पाकिस्तानी तस्कर के साथ सीधे संपर्क में था। उसके खुलासे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अतिरिक्त ग्लॉक पिस्टल बरामद की। आरोपी ने बताया कि उसने अपने पाकिस्तानी आकाओं के निर्देश पर स्थानीय संपर्कों को हथियार सप्लाई करने की बात भी स्वीकार की।

इस गिरफ्तारी से एक पुराने मामले का भी सुराग मिला है। विक्रमजीत के बयान से सीमा पार नेटवर्क से एके-47 राइफल की खरीद से जुड़ा एक पुराना केस भी सामने आया है। पुलिस अब जब्त डिजिटल उपकरणों, मोबाइल फोन और लैपटॉप का टेक्निकल एनालिसिस कर रही है ताकि पूरी आपूर्ति श्रृंखला का पर्दाफाश हो सके। अधिकारी ने बताया कि इसमें विदेशी संचालक, पाकिस्तानी हैंडलर और स्थानीय सहयोगी शामिल हैं। फिरोजपुर पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क ड्रोन और अन्य साधनों से हथियार सीमा पार ला रहा था। पुलिस पूरे चेन को तोड़ने के लिए पड़ोसी राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।

(इनपुट - आईएएनएस)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated

लेटेस्ट न्यूज

varsha kushwaha
varsha kushwaha Author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग... और देखें

End of Article