Punjab Budget 2026: पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने आज वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश किया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रविवार को विधानसभा में 2,60,437 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। 2027 में पंजाब चुनाव से पहले पेश किए गए इस आखिरी बजट को उन्होंने 'सारी गारंटियां पूरी करने वाला बजट' बताया। जिसमें दावा किया कि आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार ने जनता से किए हर वादे को पूरा किया है। बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार का पांचवां बजट उसके शासन के सफर में एक अहम पड़ाव है, जिसमें राज्य के विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है।
पंजाब की महिलाओं को समर्पित बजट
अंतरर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन पेश किए गए इस बजट को पंजाब की माताओं और बेटियों को समर्पित बताया गया। वित्त मंत्री चीमा ने इस बजट को महिलाओं की ताकत और समाज व भविष्य में उनके अहम योगदान को सम्मान देने वाला बताया। पंजाब सरकार ने 'मुख्यमंत्री मावां- धीयां सत्कार योजना’ शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत सभी वयस्क महिलाओं को हर माह 1000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपये सीधे उनके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए जाएंगे।
शिक्षा के लिए 19,279 करोड़ रुपये का बजट
पंजाब के वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में शिक्षा पर भी बड़ा फोकस रखा गया है। शिक्षा के लिए 19,279 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है, यह पिछले साल की तुलना में 7 फीसदी अधिक है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब के लगभग 20 हजार सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया गया है। आज राज्य के 99 प्रतिशत स्कूलों में चारदीवारी है और 10,095 शौचालयों को बनाया गया। स्कूलों में कोई बच्चा फर्श पर न बैठे इसके लिए एक लाख से अधिक नए डेस्क खरीदे गए हैं।
नशे के खिलाफ अभियान होगा तेज
पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान को तेज किया जाएगा। इसके लिए सीमा क्षेत्रों में 5,000 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। साथ ही ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी पर रोक लगाने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाए जाएंगे। इसके लिए बजट में 110 करोड़ रुपये और ड्रग सेंसस के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
खेल के लिए 1791 करोड़ का बजट
राज्य में खेल, स्वास्थ्य, कृषि और मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं पर भी फोकस रखा गया है। खेल विभाग के लिए इस बार 1791 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए “खेडदा पंजाब, बदलदा पंजाब” पहल की शुरुआत की जाएगी। जिसके तहत गांवों में खेल मैदानों का निर्माण किया जाएगा और लगभग 3000 इंडोर जिम बनाए जाएंगे। आपातकालीन सेवा ‘112’ को और मजबूत बनाने के लिए 758 चार पहिया और 916 दो पहिया नए वाहन खरीदे जाएंगे। जिसका लक्ष्य आपातकालीन कॉल पर प्रतिक्रिया समय 30 मिनट से घटाकर करीब 8 मिनट करना है।
300 यूनिट फ्री बिजली की योजना रहेगी जारी
पंजाब सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट फ्री बिजली देने की योजना को जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए 7,614 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीति लागू करने का ऐलान किया गया है। इसके लिए 250 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों के लिए बजट में 14,524 करोड़ रुपये का प्रावधान है। इसके अलावा सामाजिक न्याय और कल्याण से जुड़ी योजनाओं के लिए 9,340 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
जनता ने 2022 में बदलाव के लिए किया था वोट - वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब पंजाब की जनता ने मार्च 2022 में बदलाव के लिए वोट दिया था, तब उन्होंने खोखली राजनीति को खारिज करते हुए एक ऐसी सरकार का चुनाव किया था जो ईमानदार इरादों के साथ काम करे। उन्होंने कहा कि ‘रंगला पंजाब’ का सपना इसी नैतिक बुनियाद से निकला है, और राज्य सरकार उसी दिशा में काम कर रही है।
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण के दौरान पंजाब में पिछले साल आई भयानक बाढ़ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब बाढ़ में कई घर डूब गए और लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई, तब भी लोगों ने सब्र और सहयोग के साथ फिर से अपने जीवन को पटरी पर लौटाया। उस मुश्किल समय में भी पंजाब के लोगों ने एक-दूसरे का साथ मजबूती के साथ दिया।
सारी गारंटियां पूरी करने वाला बजट
चीमा ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने सत्ता की जिम्मेदारी संभालने के पहले दिन से ही यह संकल्प लिया था कि जनता को दी गई गारंटी सिर्फ कागज तक ही सीमित नहीं रहेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी गारंटियों को ठोस नीतियों, बजटीय प्रावधानों, संस्थागत सुधारों और ठोस परिणामों के साथ लागू किया। इसी कारण इस बजट का नाम 'सारी गारंटियां पूरी करने वाला बजट' दिया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि शायद ही कोई सरकार अपने कार्यकाल के पांचवें साल में यह कह पाई हो कि उसने जनता से किए गए हर वादे को पूरे भरोसे के साथ निभाया है।
GSDP में 10 प्रतिशत ग्रोथ रेट का अनुमान
पंजाब की अर्थव्यवस्था को लेकर भी वित्त मंत्री ने सकारात्मक संकेत देते हुए कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था ने पिछले साल लगातार मजबूती और स्थिरता दिखाई है। वित्त वर्ष 2026-27 में पंजाब का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) करीब 9,80,635 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इसमें लगभग 10 प्रतिशत की अनुमानित ग्रोथ रेट की उम्मीद है।
वित्त मंत्री ने बताया कि इस वित्त वर्ष पंजाब का प्रभावी राजस्व घाटा GSDP का 2.06 प्रतिशत और फिस्कल घाटा 4.08 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह बजट पंजाब के आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ आम जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
