Pune Crime News: कुछ लोग पुलिस के दम पर आसपास के लोगों पर अपना रौब जमाने के लिए जाने जाते हैं। वहीं कुछ ऐसे भी होते हैं कि खुद नकली पुलिसकर्मी बन लोगों को अपनी धौंस दिखाते रहते हैं। हालांकि पुलिस ने ऐसे शातिर बदमाशों पर काबू पाने के लिए हर संभव तरीके अपनाती रहती है। ऐसे ही पुणे पुलिस ने एक चपरासी को गिरफ्तार किया है, जो पुलिसकर्मी बन भोजनालय मालिकों को रौब दिखा रहा था और उनसे फ्री में खाना मांगता था।
घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे कटराज-देहु रोड बाईपास पर नवाले पुल के पास एक भोजनालय की है। पुलिस ने एक चपरासी को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस कांस्टेबल बन फ्री में खाना मांग रहा था। मामला पुणे के सिंहगढ़ रोड पुलिस थाने का है।
भोजनालयों में नाश्ता और खाना खाता था
आरोपी की पहचान नीलेश चांगदेव जाधव के रूप में हुई है। मामले पर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक शैलेश शंखे ने कहा है कि, राज्य सरकार के एक विभाग में चपरासी नीलेश चांगदेव जाधव को पुलिस की वर्दी, टोपी और जूते पहनते हुए पाया गया था। उसके पास तीन पहचान पत्र मिले हैं। पकड़े जाने पर उसने दावा किया था कि वह पुणे ग्रामीण पुलिस में तैनात है। खाने का शौकीन जाधव जानता था कि, भोजनालय संचालक आमतौर पर पुलिसकर्मियों से पैसे नहीं मांगते हैं। आरोपी ने शहर के अलग-अलग भोजनालयों में नाश्ता और अन्य फ्री का खाना खाने के लिए वर्दी, टोपी और जूते खरीदे थे।
पुलिस गश्त के दौर चढ़ा हत्थे
पुलिस ने बताया है कि एक पुलिस गश्ती दल ने जाधव को एक भोजनालय से दूसरे भोजनालय में जाते हुए देखा। तब पुलिस की टीम ने उनसे पूछताछ करने का फैसला किया। पहले वह पूछताछ करने वाले पुलिसकर्मियों को बहाना देने लगा। बाद में उसने कबूल किया कि उसने पुलिस की वर्दी क्यों पहनी है। सिंहगढ़ रोड पुलिस के एक अधिकारी ने कहा है कि, पुलिस ने जाधव के पास से वर्दी, जूते, बेल्ट, टोपी और तीन पहचान पत्र जब्त किए हैं। आगे की जांच की जा रही है।
