पुणे

Pune Crime News: कुत्ते के लिए टोका तो पड़ोसी बन गया हैवान, शख्स पर कुल्हाड़ी से कर डाला हमला

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 7, 2022, 12:18 PM IST

Pune Crime News: पुणे में एक शख्स ने अपने कुत्ते की वजह से पड़ोसी पर कुल्हाड़ी और पत्थर से हमला किया है। पड़ोसी ने आरोपी के कुत्ते को घर में जाने से टोका था, जोकि आरोपी को पसंद नहीं आया। उसने पड़ोसी के परिवार वालों के सामने उस पर दर्दनाक हमला कर दिया।

Image

पड़ोसी ने किया पड़ोसी पर हमला

KEY HIGHLIGHTS
  • शख्स ने पड़ोसी पर किया दर्दनाक हमला
  • कुत्ते को लेकर कुल्हाड़ी और पत्थर से किया हमला
  • पड़ोसी ने आरोपी के कुत्ते को घर में जाने से टोका था

Pune Crime News: बीते कुछ वक्त से पालतू जानवरों से जुड़े कई दर्दनाक हादसे सामने आ चुके हैं। जहां जानवर लोगों पर हमला कर चुके हैं, वहीं बहुत सी जगह जानवरों को लेकर उनके मालिक लोगों से लड़ चुके हैं। अब ताजा मामला पुणे में देखने को मिला है, जहां एक शख्स ने पड़ोसी के कुत्ते को घर में आने से टोका तो कुत्ते के मालिक ने शख्स पर कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला कर घायल कर दिया है। घटना शनिवार को पुणे के बानेर इलाके में हुई है।

चतुश्रृंगी पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अयूब शेख (34) के तौर पर हुई है। जबकि पीड़ित का नाम रवि घोरपड़े (40) है। अयूब का कुत्ता पीड़ित रवि के घर में घुस गया था, जिसको उसने टोका तो आरोपी ने उसके परिवार के सदस्यों के सामने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

शराब के नशे में था आरोपी

मामले पर सहायक पुलिस निरीक्षक राजकुमार केंद्रे ने कहा है कि, 4 दिसंबर को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश किया है। उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 3 दिसंबर को हुई जब पीड़ित अपने ऑफिस के लिए जा रहा था। आरोपी एक बगीचे के पास बैठा था और कथित तौर पर शराब पी रहा था। उसने पीड़ित को बुलाया। उसके साथ बहस की और उसके कुत्ते को 'मारने' के लिए गाली देने लगा। आरोपी ने कथित तौर पर एक पत्थर उठाया और उससे पीड़ित को मारा। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को सुलझाया और पीड़ित डर कर घर चला गया। करीब पांच मिनट बाद आरोपी उसके घर गया और चिल्लाने लगा। जब दरवाजा खोला गया तो आरोपी ने पीड़ित रवि पर हमला कर दिया। पड़ोसियों ने आकर उसे बचाया और इलाज के लिए अस्पताल ले गए।

कुल्हाड़ी से किया हमलापीड़ित रवि ने मामले पर बताया है कि, अयूब का कुत्ता उसपर भौंक रहा था। तो, वह सिर्फ उस पर चिल्लाया और काम पर जाने की जल्दी कर रहा था, लेकिन आरोपी उससे लड़ने लगा। पीड़ित घटना के बाद घर वापस आया और अपनी पत्नी को इसके बारे में बताने लगा। कुछ देर बाद आरोपी आया और पीड़ित के घर के गेट पर चिल्लाने लगा। वह कुल्हाड़ी के साथ था। यह देख पीड़ित के बच्चे डर गए। उसने पीड़ित का दरवाजा तोड़ दिया और जब पीड़ित रवि ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने उसके हाथ पर हमला कर दिया। हाथ जख्मी होने से खून बहने लगा। रवि के कुछ पड़ोसियों ने उसकी मदद की और अस्पताल लेकर गए। वहीं पीड़ित का आरोप है कि, आरोपी के परिवार के लोग उन्हें अब भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article