Pune Crime News: पुरानी दुश्मनी कभी-कभी इतनी भारी पड़ जाती है कि, जान पर भी आ जाती है। बहुत से लोग दुश्मनी को भूल नहीं पाते हैं और हर दिन बदला लेने के लिए योजना बनाते रहते हैं। ऐसी पुरानी दुश्मनी से जुड़ी एक घटना सामने आई है, जिसमें पुणे पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। आठों आरोपियों पर एक शख्स की हत्या की कोशिश करने का आरोप है। घटना पुणे के दत्तावाड़ी थाना क्षेत्र की है। पीड़ित का नाम रोहित खाटे है।
आरोपियों की पहचान पार्वती इलाके के रहने वाले वैभव रवींद्र गोराड, वनोवरी के रहने वाले अविनाश उर्फ अभि अजय मिसाल, सिंहगढ़ रोड के रहने वाले कृष्णा चंद्रकांत वाघमारे, आकाश बापू महस्के, ओंकार तानाजी ओवाहल, राम मोहन बंसोडे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया है कि, इसके अलावा पुलिस ने दो नाबालिगों को भी गिरफ्तार किया है। दत्तावाड़ी पुलिस के मुताबिक, दत्तावाड़ी के रहने वाले खाटे ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि, गुरुवार की रात 8-10 युवक हथियारों के साथ उसके अपार्टमेंट में घुस गए थे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित खाटे के साथ मारपीट की थी। एक आरोपी ने उस पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश भी की थी।
पुरानी दुश्मनी के चलते पीड़ित पर हुआ हमला
उसने शिकायत में यह भी बताया है कि, बदमाशों का यह ग्रुप मुख्य आरोपी को हमला करने के लिए उकसा रहा था। शिकायतकर्ता ने कहा कि, आरोपियों ने पुरानी दुश्मनी को लेकर उस पर हमला किया था। वहीं पुलिस ने मामले पर कहा कि, सब-इंस्पेक्टर चंद्रकांत कामठे, कांस्टेबल कुंदन शिंदे और नवनाथ भोसले की एक टीम बनाई गई। शुक्रवार को पनमाला में जाल बिछाकर दो नाबालिगों सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस मामले की हर पहलू से आगे जांच कर रही है। दत्तावाड़ी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अभय महाजन ने कहा है कि, गिरफ्तार किए गए ज्यादातर आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं।
