शहर

बिहार में मां जानकी की जन्मस्थली का कब पूरा होगा काम? CM सम्राट चौधरी ने बताई तारीख, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

Punaura Dham Sitamarhi: बिहार के सीतामढ़ी स्थित मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम में नए मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगस्त 2025 में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा रखी गई आधारशिला के बाद अब मंदिर के निर्माण को लेकर नए लक्ष्य तय किए गए हैं।

Image

पुनौरा धाम का महत्व पूरे देश के श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास

Photo : ANI

Punaura Dham Sitamarhi: बिहार के सीतामढ़ी जिले में स्थित पुनौरा धाम का महत्व पूरे देश के श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास है। इसे माता सीता यानी मां जानकी की पावन जन्मस्थली माना जाता है। अब इस ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल का कायाकल्प एक नए और भव्य स्वरूप में किया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धा और भक्ति के माहौल से सराबोर है।

अगस्त 2025 में इस नए मंदिर निर्माण की शुरुआत हुई थी, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यहां की पहली ईंट रखकर शिलान्यास किया था। इस पवित्र अवसर पर देश भर के 21 प्रमुख तीर्थों की मिट्टी और 11 नदियों का जल लाया गया था। इस कार्यक्रम में राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी समेत कई गणमान्य नेता शामिल हुए थे। नीतीश कुमार के कार्यकाल में ही इस परिसर के विकास के लिए बड़े पैमाने पर भूमि आवंटित की गई थी, जिससे इस योजना को गति मिली।

31 दिसंबर 2028 तक मंदिर का निर्माण कार्य पूरा करने का टारगेट

अब इस निर्माण कार्य को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुनौरा धाम पहुंचकर मां जानकी के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य 31 दिसंबर 2028 तक मंदिर का निर्माण कार्य पूरा करना है, ताकि पूरे विधि-विधान से मां जानकी की प्रतिमा को नए मंदिर में पुनस्थापित किया जा सके।

राज्य के लिए बहुत शुभ और आनंददायक-ललन सिंह

हाल ही में देव प्रतिमाओं को पुराने मंदिर से अस्थाई रूप से नए परिसर में स्थापित किया गया है। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन सिंह) ने इस बदलाव को राज्य के लिए बहुत शुभ और आनंददायक बताया। पुनौरा धाम के इस नए स्वरूप से न केवल बिहार की सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी, बल्कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को भी बहुत बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article