प्रयागराज

Mahakumbh 2025: महाकुंभ में 'माघ पूर्णिमा स्नान' आज, पूरा प्रयागराज बना नो-व्हीकल जोन, जल-थल-नभ में 133 एंबुलेंस तैनात

Mahakumbh Traffic Update: बुधवार यानी 12 फरवरी को माघ पूर्णिमा का स्नान होना है, लेकिन इस स्नान से पहले और महाकुंभ में भीषण जाम से निपटने को प्रशासन ने माघ पूर्णिमा पर नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

Image

महाकुंभ माघ पूर्णिमा स्नान पर श्रद्धालुओं का तांता

KEY HIGHLIGHTS
  1. महाकुंभ में माघी पूर्णिमा के स्नान पर्व को देखते हुए विशेष यातायात व्ययवस्था लागू
  2. प्रशासन ने संपूर्ण मेला क्षेत्र को No Vehicle Zone घोषित किया है
  3. 11 फरवरी की शाम 5 बजे से पूरा प्रयागराज शहर भी 'नो व्हीकल जोन' घोषित

Mahakumbh Magh Purnima Snan: प्रयागराज महाकुंभ में माघी पूर्णिमा के स्नान पर्व को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात व्ययवस्था लागू की है। इसके अंतर्गत, 11 फरवरी 2025 को सुबह चार बजे से संपूर्ण मेला क्षेत्र को 'नो व्हीकल जोन' (No Vehicle Zone) घोषित किया गया है अधिकारियों के मुताबिक, प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं के निजी और सार्वजनिक वाहनों को 11 फरवरी को सुबह चार बजे के बाद संबंधित रूट की पार्किंग में पार्क कराया जाएगा ताकि शहर में यातायात अव्यवस्था नहीं हो और श्रद्धालु पैदल सुगमता से स्नान घाटों तक पहुंच सकें।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने 11 फरवरी की शाम 5 बजे से पूरे प्रयागराज शहर को भी 'नो व्हीकल जोन' घोषित किया है। केवल आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी।

मेले में कल्पवास कर रहे श्रद्धालुओं के वाहनों पर भी यह नियम

अधिकारियों के मुताबिक, मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष यातायात योजना 12 फरवरी को स्नान संपन्न होने तक लागू रहेगी। मेले में कल्पवास कर रहे श्रद्धालुओं के वाहनों पर भी यह नियम लागू रहेगा। गौर हो कि मौनी अमास्या के स्नान पर महाकुंभ में मची भगदड़ की दहशत अभी भी लोगों के मन में है।

माघ पूर्णिमा में श्रद्धालुओं की हिफाजत के लिए जल-थल-नभ में 133 एंबुलेंस तैनात

महाकुंभ में माघ पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर बड़ी संख्या में आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर योगी सरकार ने व्यापक तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महाकुंभ क्षेत्र के साथ ही शहर और मंडल के सभी अस्पताल हाई अलर्ट मोड में रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल, थल और नभ से निगरानी की जा रही है। इसके तहत 133 एंबुलेंस को तैनात किया गया है, जो किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने का काम करेंगी। इसमें 125 एंबुलेंस के अलावा सात रिवर एंबुलेंस और एक एयर एंबुलेंस विशेष रूप से तैनात की गई हैं।

हर सेक्टर में अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था

महाकुंभ क्षेत्र के प्रत्येक सेक्टर में अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था की गई है। छोटे ऑपरेशनों से लेकर बड़ी सर्जरी तक की सुविधा मौजूद रहेगी। महाकुंभ मेला के नोडल चिकित्सा स्थापना डॉ. गौरव दुबे ने बताया कि योगी सरकार की आपातकालीन सेवाएं विशेष रूप से एंबुलेंस सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस दौरान 2,000 से अधिक मेडिकल स्टाफ महाकुंभ क्षेत्र में तैनात रहेंगे, जबकि स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में 700 से अधिक मेडिकल फोर्स हाई अलर्ट पर रहेगी।

एसआरएन अस्पताल में 250 बेड रिजर्व किए गए हैं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष निर्देश पर एसआरएन अस्पताल में 250 बेड रिजर्व किए गए हैं। यहां पर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 200 यूनिट ब्लड भी सुरक्षित रखा गया है। वहीं, महाकुंभ नगर के 500 बेड क्षमता वाले सभी 43 अस्पतालों को भी पूरी तरह से मुस्तैद रखा गया है। अस्पतालों में चिकित्सकीय सेवाओं की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 30 वरिष्ठ डॉक्टरों को विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है, जबकि 180 रेजिडेंट डॉक्टर और 500 से अधिक नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ लगातार सेवा देंगे।

रोडवेज ने अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया है

प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ एक माघ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए रोडवेज ने अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया है। आरक्षित बसों के अलावा कनेक्टिंग सेवा के लिए शटल बसों का एक बेड़ा भी तैयार है। माघ पूर्णिमा एवं आगे के स्नान के लिए 1,200 बसें रिजर्व में रखी गई हैं।

महाकुंभ पहुंचे मुकेश अंबानी, संगम में लगाई डुबकी, यज्ञ में दी आहुति

मुकेश अंबानी ने अपनी मां कोकिलाबेन, बेटे आकाश और अनंत, बहुएं श्लोका और राधिका, पोते पृथ्वी और वेदा और बहनों दीप्ति सालगांवकर और नीना कोठारी के साथ यूपी के प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। श के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी अपनी तीन पीढ़ियों के साथ मंगलवार को महाकुंभ नगर पहुंचे और उन्होंने अरैल स्थित परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में यज्ञ में आहुति दी। परमार्थ निकेतन की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, मंगलवार को परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में अंबानी परिवार का आगमन हुआ जहां कोकिला बेन अंबानी, मुकेश अंबानी, श्लोका अंबानी, अनंत अंबानी, राधिका मर्चेंट अंबानी और पूरे अंबानी परिवार का अभिनंदन किया गया।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article