प्रयागराज

Maha Kumbh 2025: महा रिकॉर्ड की ओर महाकुंभ, 55 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी; 8 दिन में आएंगे इतने लोग

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में अबतक 55 करोड़ श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई है। सरकार का मानना है कि 26 फरवरी को अंतिम स्नान अनुष्ठान तक यह संख्या 60 करोड़ से अधिक होने की उम्मीद है।

Image

(फाइल फोटो)

Maha Kumbh 2025: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को दावा किया कि प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक 55 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई है। मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को शाम आठ बजे तक 1.26 करोड़ लोगों ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई और 13 जनवरी से 18 फरवरी तक स्नान करने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 55.56 करोड़ पहुंच गई है। राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, 55 करोड़ से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं का आना, किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक आयोजन में मानव इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी सहभागिता है। यह महाकुंभ मेला 26 फरवरी (महाशिवरात्रि) तक चलेगा।

26 फरवरी को अंतिम स्नान

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारत के 110 करोड़ सनातन अनुयायियों में से आधे ने डुबकी लगा ली है और 26 फरवरी को अंतिम स्नान अनुष्ठान तक यह संख्या 60 करोड़ से अधिक होने की उम्मीद है। बयान में कहा गया है कि वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू, प्यू रिसर्च के अनुसार, भारत की जनसंख्या लगभग 143 करोड़ है, जिसमें 110 करोड़ लोग सनातन धर्म के अनुयायी हैं। इसमें दावा किया गया है कि त्रिवेणी संगम पर स्नान करने वालों की संख्या भारत के सनातन अनुयायियों का 50 प्रतिशत है।

बयान में कहा गया है कि भारत की कुल आबादी के हिसाब से देखें तो देश के 38 प्रतिशत से अधिक लोगों ने संगम में डुबकी लगाई है। इसमें कहा गया है कि प्यू रिसर्च 2024 के अनुसार, दुनिया भर में अनुमानित 120 करोड़ लोग सनातन धर्म को मानते हैं, जिसका अर्थ है कि दुनिया भर के 45 प्रतिशत से अधिक सनातनियों ने संगम में डुबकी लगाई है।

बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ में 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई थी। बयान में कहा गया है कि 14 फरवरी तक यह संख्या 50 करोड़ से अधिक हो गई और मंगलवार को 55 करोड़ तक पहुंच गई। अभी महाकुंभ के समापन में नौ दिन शेष हैं और पूरी उम्मीद है कि स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की यह संख्या 60 करोड़ के ऊपर जा सकती है।

नहीं बढ़ेंगी महाकुंभ की तारीख

प्रयागराज के जिलाधिकारी (डीएम) रवींद्र मांदड़ ने भारी भीड़ के कारण महाकुंभ मेले के विस्तार के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों का मंगलवार को स्पष्ट रूप से खंडन किया। मांदड़ ने कहा कि महाकुंभ मेले का जो कार्यक्रम जारी होता है, वह मुहूर्त के हिसाब से जारी होता है और पहले से तय होता है। 26 फरवरी को निर्धारित तिथि पर ही महाकुंभ का समापन होगा और तब तक जो भी श्रद्धालु आ रहे हैं, उन सभी के सुगम आवागमन को सुनिश्चित किया जा रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article