प्रयागराज

8 हजार वेतन 8 करोड़ की संपत्ति , माफिया का सफाईकर्मी निकला करोड़पति ; अतीक की काली कमाई का खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 13, 2024, 11:32 AM IST

Atiq Ahmad : माफिया अतीक अहमद के सफाई कर्मी श्याम जी सरोज के घर सफाई करने वाला करोड़पति निकला है। अतीक के गुर्गों ने सफाई कर्मी श्याम जी सरोज के नाम 8 करोड़ की प्रॉपर्टी रजिस्ट्री कराई थी।

Image

अतीक की काली कमाई का खुलासा

Photo : BCCL

Atiq Ahmad : माफिया अतीक अहमद की मौत के बाद उसके काले कारनामों से लगातार पर्दा उठ रहा है। अब अतीक की अवैध और बेनामी संपत्तियों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। अतीक के सफाईकर्मी श्याम जी सरोज के नाम 8 करोड़ की प्रॉपर्टी का खुलासा हुआ है। अतीक गुर्गों ने ही बिन बताए सफाईकर्मी श्याम जी सरोज के नाम इतनी बड़ी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराई थी। पुलिस को प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सफाईकर्मी श्याम जी सरोज की तनख्वाह महज 8 हजार रुपये थी। खुद सरोज को इस बात की भनक नहीं थी। उसने पुलिस को बताया कि अगर उसे जानकारी होती कि उसके नाम करोड़ों की प्रॉपर्टी है तो वह मुंबई भाग गया होता।

ऐसे चल रहा था खेल

सफाईकर्मी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। फिलहाल, एससी एसटी एक्ट से मामला जुड़े होने के चलते मुकदमे की जांच एसीपी को सौंपी गई है। श्याम जी सरोज ने माफिया अतीक अहमद के करीबी जावेद खान उसके भाई कामरान अहमद, फराज अहमद खान और शुक्ला जी के खिलाफ अतरसुइया थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। श्याम जी 15 सालों से जावेद और उसके भाई कामरान के घर पर सफाई का काम करता था। अतीक के गुर्गों ने उसके नाम आईसीआईसीआई बैंक में खाता खुलवाया था। बैंक के सभी कागजात श्याम के नाम पर थे, लेकिन मोबाइल नंबर जावेद ने अपना दर्ज कराया था। जावेद ने श्याम के नाम दलितों की जमीन रजिस्ट्री कराई थी। इसके बाद उसको बेचकर बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर कर लिए। इस दौरान श्याम के चेक पर हस्ताक्षर कर कर उसके बैंक खाते में लगाए हैं। रुपये न होने पर चेक बाउंस हो गया था। इसके बाद चेक बाउंस के आरोप में श्याम के नाम पर नोटिस जारी कराया था। इसके बाद धमकी देने लगे कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो उसे जेल भिजवा देंगे।

ब्लैकमेल कर अवैध कारोबार

पीड़ित का आरोप है कि कई बार उसे अगवा कर होटल में बंधक बनाए रखा गया है। अतीक के गुर्गे उसे लगातार ब्लैकमेल कर अवैध कारोबार कर रहे थे। पुलिस को श्याम जी सरोज के नाम से कई बैनामे के कागजात मिले हैं। इसमें महेवा नैनी, सराय इनायत में प्रॉपर्टी बताई गई है। श्याम जी ने पुलिस को जानकारी दी है कि करछना, फूलपुर और हंडिया तहसील में ले जाकर हस्ताक्षर कराए गए थे। इस आधार पर पुलिस गंगानगर और यमुनानगर में श्याम जी सरोज के नाम की बेनामी संपत्तियों का पता लग रही है। शुरुआती जांच में पता लगा है कि गंगानगर में करीब 5 करोड़ और यमुनानगर में 3 करोड़ की प्रॉपर्टी श्याम जी सरोज के नाम है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अतीक अहमद की अवैध और बेनामी संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट 14 (1) के तहत कुर्क करने की भी कार्रवाई करेगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article