Prayagraj Magh Mela 2026: संगम नगरी प्रयागराज में माघ मेले के शुरू होने में अब तकरीबन हफ्ते भर समय बचा है। ऐसे में जिला प्रशासन और मेला प्राधिकरण ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
घाटों का विस्तार, स्नान के लिए बढ़ाई गई जगह
माघ मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार संगम और अन्य प्रमुख स्नान घाटों का क्षेत्रफल बढ़ाया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक श्रद्धालु एक साथ सुरक्षित रूप से स्नान कर सकें और भीड़ का दबाव कम हो। घाटों को इस तरह विकसित किया गया है कि स्नान के दौरान अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को पर्याप्त जगह मिल सके।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने घाटों के आसपास खतरनाक क्षेत्रों में बैरिकेडिंग शुरू कर दी है। इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
3 जनवरी से शुरू होगा माघ मेला
अधिकारियों के मुताबिक, 44 दिनों तक चलने वाला माघ मेला आगामी वर्ष 3 जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा। प्रमुख स्नान पर्वों पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
