Prayagraj News: प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र में मां के साथ अवैध संबंध होने के शक में 20 वर्षीय बेटे की कथित तौर पर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गिरीश चंद्र जायसवाल उर्फ पप्पू जायसवाल के रूप में हुई है, जिसे करेली पुलिस ने ’चाट वाली गली’ इलाके में हुई हत्या की जांच के सिलसिले में पकड़ा।
सहायक पुलिस आयुक्त (अतरसुइया) निकिता श्रीवास्तव ने बताया कि घटना शनिवार की है जब आरोपी ने अपने पुत्र प्रियांशु जायसवाल के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा, 'पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया और बताया कि उसे अपने बेटे के अपनी मां के साथ अवैध संबंध होने का शक था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।' एसीपी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
महिला और उसके बेटे समेत तीन लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इमलिया सुलतानपुर इलाके में सीतापुर-गोला रोड पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसकी वजह से एक महिला और उसके बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब हिमांशु (30), उसकी मां रेखा (50), और सुनिता (45) सीतापुर के ऐलिया ब्लॉक में एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। तीनों रामकोट क्षेत्र के अरथाना गांव के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार, रेखा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि हिमांशु और सुनिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
