आज अयोध्या राम मंदिर में ध्वजारोहण समारोह है। बता दें कि ध्वजारोहण सुबह 11:52 बजे से दोपहर 12:35 बजे के बीच, किया जाएगा। 32 मिनट का यह शुभ मुहूर्त विवाह पंचमी (श्रीराम और भगवती माता सीता का विवाह दिन) के दिन भगवान श्रीराम के जन्म नक्षत्र अभिजीत मुहूर्त से मेल खाता है। यही कारण है कि इस समय को खासतौर पर चुना गया है। 32 मिनट की अवधि के दौरान ध्वजारोहण वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न किया जाएगा। इस बीच आइए आपको पीएम मोदी के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के बारे में बताएं।
साकेत महाविद्यालय से डेढ़ किलोमीटर का रोड शो
पीएम मोदी अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। यहां से वह हेलीकॉप्टर के माध्यम से उन्होंने 12 किलोमीटर का सफर तय किया और साकेत महाविद्यालय पहुंचे। पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर पहले से एसपीजी शहर में डेरा डाले हुए हैं। पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का एस्कॉर्ट भी अयोध्या पहुंच चुका है। साकेत कॉलेज से पीएम मोदी रामपथ होते हुए टेढ़ी बाजार के रास्ते राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचेंगे। इसको देखते हुए 15 किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद की गई है। साकेत महाविद्यालय से कुछ दूरी पर पीएम मोदी को रोड शो होगा। जिसमें 12 जगह पर उनका स्वागत होगा। बता दें कि सात जगह पर बनाए गए हैं सांस्कृतिक मंच, लोक कलाकार अपने गायन व नृत्य से स्वागत करेंगे।
अभिजीत मुहूर्त में पीएम मोदी फहराएंगे ध्वज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, मंगलवार को अयोध्या पहुंच गए हैं। जहां वह एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। अयोध्या पहुंचकर वह सबसे पहले अयोध्यावासियों का अभिनंदन करेंगे और सीधे श्री राम जन्मभूमि मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे।
दर्शन और पूजन का कार्यक्रम
पीएम मोदी सुबह करीब 10 बजे, वह सप्त मंदिर जाएंगे, जहां वह महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुह और माता शबरी मंदिर में शीश झुकाएंगे। इसके बाद, वह शेषावतार मंदिर और फिर करीब 11 बजे माता अन्नपूर्णा मंदिर भी जाएंगे। इन दर्शनों के बाद, पीएम राम दरबार और गर्भगृह में रामलला का विशेष पूजन करेंगे।
ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह
दोपहर करीब 12 बजे राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराकर एक ऐतिहासिक क्षण को अंजाम देंगे। फहराया जाने वाला ध्वज 10 फुट ऊंचा और 20 फुट लंबा समकोण त्रिभुजाकार होगा। इस पवित्र ध्वज पर भगवान श्रीराम की वीरता का प्रतीक चमकते सूरज की तस्वीर अंकित है, साथ ही इस पर कोविदारा पेड़ की तस्वीर के साथ 'ओम' लिखा है। यह भगवा ध्वज रामराज्य के आदर्शों को दिखाते हुए गरिमा, एकता और सांस्कृतिक निरंतरता का संदेश देगा।
