शहर

'कानून का पालन करें लोग, जंतर-मंतर पर CJP को प्रदर्शन की इजाजत नहीं' दिल्ली पुलिस की अपील

निषेधाज्ञा के तहत पूर्व लिखित अनुमति के बिना, पांच या अधिक लोगों के सार्वजनिक रूप से जमा होने, सभा करने, जुलूस, प्रदर्शन, घेराव करने और धरने देने पर प्रतिबंध है। यह आदेश नारे लगाने, भाषण देने और आग्नेयास्त्र (हथियार), बैनर, तख्तियां, लाठियां, तलवारें, छड़ें, ईंट-पत्थर या इसी तरह की अन्य वस्तुएं ले जाने पर भी रोक लगाता है।

Image

दिल्ली पुलिस की लोगों से सहयोग करने की अपील।

Photo : ANI

CJP Protest: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के पहले दिल्ली पुलिस ने लोगों से कानून का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए सुरक्षा इंतजामों पर DCP सचिन शर्मा ने कहा कि जंतर-मंतर पर किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन या मार्च की इजाजत नहीं दी गई है और एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

नई दिल्ली में BNSS की धारा 163 लागू

पुलिस अधिकारी ने कहा, 'मैं सभी से कानून का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील करता हूं। यहां धारा 163 लागू है। नई दिल्ली में BNSS की धारा 163 लागू है। इसलिए, मैं साफ कर देना चाहता हूं कि यहां किसी भी तरह के अनधिकृत धरने, विरोध प्रदर्शन या रैली की इजाज़त नहीं है। मैं सभी से कानून का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील करता हूं।'

बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), राज्यसभा सदस्य मनोज झा और उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने इस विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शन शुक्रवार सुबह 11 बजे शुरू होना प्रस्तावित है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले नयी दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। निषेधाज्ञा के तहत पूर्व लिखित अनुमति के बिना, पांच या अधिक लोगों के सार्वजनिक रूप से जमा होने, सभा करने, जुलूस, प्रदर्शन, घेराव करने और धरने देने पर प्रतिबंध है। यह आदेश नारे लगाने, भाषण देने और आग्नेयास्त्र (हथियार), बैनर, तख्तियां, लाठियां, तलवारें, छड़ें, ईंट-पत्थर या इसी तरह की अन्य वस्तुएं ले जाने पर भी रोक लगाता है।

प्रदर्शन में 3-4 हजार लोग हो सकते हैं शामिल

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा’ को बताया, 'जन सुरक्षा सुनिश्चित करने, सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और यातायात सुगम तरीके से संचालित करने के लिए आदेश लागू किया गया है।’ पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रस्तावित प्रदर्शन में करीब तीन से चार हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इसे देखते हुए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जंतर-मंतर और नई दिल्ली जिले के अन्य प्रमुख स्थानों पर दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों को भी तैनात किया गया है।

संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती

सूत्रों ने बताया कि लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने और किसी भी अनधिकृत सभा को रोकने के लिए अवरोधक लगाए गए हैं। प्रवेश और निकास द्वारों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्रदर्शन के आयोजक मतदाता सूचियों में विसंगतियों और चुनावों के संचालन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे या उनके खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और कार्यकर्ता, भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्य तथा अन्य लोग शामिल हो सकते हैं।

सिसोदिया ने की प्रदर्शन में शामिल होने की अपील

दिल्ली पुलिस का यह फैसला आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, भूषण और झा द्वारा एक पत्रकार वार्ता में प्रस्तावित सभा की घोषणा किए जाने के एक दिन बाद आया है। बोरा ने कहा कि आयोजकों ने संसद मार्ग थाने की पुलिस को प्रदर्शन के समय, संभावित उपस्थिति और इसके आयोजन के लिए जिम्मेदार लोगों की पूरी जानकारी दे दी थी। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और 'आप’ के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी X पर लोगों से इस सभा में शामिल होने का आग्रह किया और कुमार के इस्तीफे की मांग की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article