शहर

पटना में बड़ा ट्रैफिक अलर्ट, आज गांधी मैदान की ओर नो एंट्री; शपथ ग्रहण समारोह के चलते कई रास्ते बंद

पटना के गांधी मैदान में 7 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। जिसके चलते सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान कई प्रमुख रास्ते बंद रहेंगे और रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

Image

सांकेतिक फोटो - AI Image

Patna Traffic Advisory: पटना के गांधी मैदान में 7 मई को बिहार कैबिनेट के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह है। जिसको लेकर जोरो-शोरों से तैयारियां जारी है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होने वाले हैं। जिसके चलते गांधी मैदान और उसके आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम की भव्यता और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने 7 मई को पटना के कई रास्तों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। ऐसे में 7 मई को घर से बाहर निकलने से पहले लोग ट्रैफिक एडवाइजरी पढ़ लें और यात्रा की पहले से ही प्लानिंग करके चलें।

7 मई को पटना में सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक गांधी मैदान और उसके आसपास के इलाके में किसी भी सामान्य वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पीएम मोदी के कार्यक्रम में आगमन के दौरान एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। ऐसे में लोगों को वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

किन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक

पटना में गुरुवार को जिन रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा, उनमें पटेल गोलंबर से हार्डिंग रोड, आयकर गोलंबर तक का क्षेत्र, बेली रोड से किदवईपुरी, आर ब्लॉक के आसपास का इलाका, अशोक राजपथ, डाकबंगला चौराहा और पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते शामिल हैं। इसके अलावा कृष्णा घाट से दीघा गोलंबर तक गंगा पथ पर भी वाहनों के चलने पर रोक रहेगी। एयरपोर्ट जाने वाले वाहन चालकों को जगदेव पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

गांधी मैदान में बनाए जाएंगे दो हैलिपैड

गांधी मैदान में आने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई। गाड़ियों की पार्किंग के लिए जेपी गंगापथ, पटना कॉलेज, पटना साइंस कॉलेज और पुराने अशोक राजपथ के आसपास स्थान तय किए गए हैं। कार्यक्रम में वीवीआईपी मेहमानों के आगमन की संभावना को देखते हुए गांधी मैदान में दो हेलिपैड भी बनाए जा रहे हैं। साथ ही तीन बड़े मंच भी तैयार किए जा रहे हैं और बारिश की संभावना को देखते हुए वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर भी लगाए जा रहे हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में लगभग दो लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मुख्य मंच पर पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रतिबंधित इलाकों की ओर न जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article