पटना

Sitamarhi: 3 बच्चों समेत तालाब में कूदी मां, पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते आत्महत्या की आशंका

सीतामढ़ में एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ तालाब में कूद गई। बुधवार को चारों का शव तालाब में तैरता हुआ बरामद हुआ। इस मामले में ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।

Image

बच्चों समेत तालाब में कूदी महिला (सांकेतिक फोटो)

बिहार के सीतामढ़ी जिले के बेला थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तालाब से एक महिला और तीन बच्चों का तैरता हुआ शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर इस घटना को आत्महत्या बता रही है। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। संभावना व्यक्त की जा रही है कि इसी कारण महिला ने तीनों बच्चों के साथ तालाब में कूदकर जान दे दी।

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान श्रीरामपुर गांव निवासी संजीव साह की पत्नी मंजू देवी (30 साल) और उसके पुत्र आर्यन कुमार, सुशांत कुमार और हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। सभी बच्चों की उम्र छह से दो साल के बीच बताई जा रही है। बेला के थाना प्रभारी राम शंकर कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद एक तालाब से चार शव बरामद किए गए हैं। सभी शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पति लुधियाना में करता है काम

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला ने अपने तीनों बच्चों के संग तालाब में कूदकर जान दी है। महिला अपने घर पर इन्हीं तीनों बच्चों के साथ अकेले रहा करती थी। उसका पति लुधियाना में काम करता है। इस मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक संजीव साह के घर में आग भी लगी थी। जिस कारण सभी सामान जल गए थे। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article