Nalanda Police: दिल्ली में मुंबई निवासी श्रद्धा की हत्या उसके प्रेमी द्वारा किए जाने के बाद शव के 35 टुकड़े करने जैसी घटना दोहराई गई है। यह घटना नालंदा जिले में हुई है। यहां सिलाव थाना क्षेत्र के नानद गांव निवासी विकास चौधरी की हत्या का आरोप उसकी प्रेमिका पर लगा है। आरोप है कि, शादीशुदा महिला ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी विकास की हत्या कर दी और फिर शव के कई टुकड़े कर उसे अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।
विकास बुधवार की देर शाम से लापता था। विकास के कटे हुए हाथ और पैर गुरुवार की देर रात दीपनगर के मेघी गांव के पास से बरामद हुए है। वहीं, धड़ दीपनगर की पंचाने नदी में मिला और सिर बंद बोरे में पुनपुन नदी से बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल लिया है।
हत्याकांड में दंपत्ति के अलावा दो और लोगों की संलिप्तता
पुलिस ने जब विकास की प्रेमिका ज्योति और इसके पति रंजन कुमार को हिरासत में लिया तो पूरा मामला साफ हो गया। इस हत्याकांड में इन दोनों का साथ दो और लोगों ने दिया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। बता दें नूरसराय थाने की पुलिस ने गुरुवार को नारी गांव के छिलका से बोरे में बंद युवक के दो हाथ, दो पैर बरामद किए थे। इस शव के अंगों की पहचान नानद गांव निवासी नरेश चौधरी के बेटे 30 वर्षीय विकास कुमार चौधरी के रूप में हुई थी।
