पटना

Patna Firing: पटना में फायरिंग पर फसाद! घटना के दूसरे दिन भी तनाव, लोगों में गुस्सा

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Feb 20, 2023, 01:15 PM IST

Patna Firing News: बता दें कि रविवार को गाड़ी के पार्किंग को लेकर दो लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक हो गया। दोनों गुटों की तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 3 लोगों की मौत हो गई।

Patna Firing : पटना के जेठुली गांव में रविवार को पार्किंग पर हुए विवाद के बाद हुई गोलीबारी एवं आगजनी की घटना के दूसरे दिन सोमवार को इलाके में तनाव का माहौल है। किसी तरह की हिंसा एवं अशांति दोबारा न फैले, इसे रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। फसाद की इस घटना पर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और वे विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को गोलीकांड की घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुखिया के घर एवं एक मैरिज हॉल को आग के हवाले कर दिया। उग्र भीड़ ने घर के अंदर जाकर तोड़फोड़ की। कार के शीशे तोड़े गए और कई वाहनों को निशाना बनाया गया।

फायरिंग में दो लोगों की मौत

बता दें कि रविवार को गाड़ी के पार्किंग को लेकर दो लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक हो गया। दोनों गुटों की तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गोलीबारी से नाराज लोगों ने आरोपी के घर एवं मैरिज हॉल में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घर से महिलाओं एवं बच्चों को बाहर निकाला। लोगों ने इस घर में खड़े वाहनों में भी आग लगा दी।

आपसी वर्चस्व के चलते हुई हिंसा

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। हिंसा की मुख्य वजह आपसी वर्चस्व को बताया गया है। गाड़ी पार्किंग को लेकर मुखिया के पति एवं अन्य गुट में गोलीबारी शुरू हो गई। फायरिंग में पांच लोगों को गोली लगी जिसमें से दो लोगों की मौत हो गई जबकि घायल तीन लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

भारी संख्या में पुलिस की तैनाती

पटना के वरिष्ट पुलिस अधीक्षक मानव जीत सिंह ढिल्लों का कहना है कि गोलीबारी में गौतम कुमार (24) और रोशन कुमार (18), नारीक राय, नागेंद्र राय और चनारिक राय घायल हो गए। इलाज के दौरान गौतम और रोशन की मौत हो गई। इस मामले में दूसरे पक्ष के सतीश कुमार, बलदेव सिंह, विजय कुमार, राहुल कुमार, सुनील कुमार, आर्यन कुमार एवं अमनराज को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रण में है। घटनास्थल पर पुलिस बल पर्याप्त तैनाती की गई है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article